दुल्हन पर लुटाए गए 8.5 करोड़? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा नोट बरसाने का वीडियो

पंजाब के तरन तारन में एक शादी का वीडियो वायरल होने के बाद 8.5 करोड़ रुपये लुटाने का दावा किया गया. दूल्हे के परिवार और आयोजकों ने इन खबरों को अफवाह बताते हुए कहा कि खर्च कुछ लाख रुपये ही था.

Shraddha Mishra

पंजाब के तरन तारन में हुई एक शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है. वजह है एक वायरल वीडियो, जिसमें दुल्हन पर जमकर नोटों की बारिश होती दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आते ही दावा किया जाने लगा कि शादी में करीब 8.5 करोड़ रुपये नकद लुटाए गए. देखते ही देखते यह खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई. हालांकि अब दूल्हे के परिवार ने इन दावों को पूरी तरह गलत और बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया बताया है.

14 फरवरी को आयोजित इस शादी समारोह का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में दुल्हन स्टेज पर खड़ी नजर आती है और मेहमान उस पर नोट उड़ाते दिख रहे हैं. पंजाबी शादियों में खुशी जताने के लिए नोट लुटाने की परंपरा आम मानी जाती है. वीडियो में मेहमान संगीत की धुन पर नाचते हुए दिख रहे हैं, जबकि फर्श पर भी नोट बिखरे पड़े हैं. इसी दृश्य को देखकर कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने दावा किया कि समारोह में करोड़ों रुपये खर्च किए गए.

परिवार ने किया बड़ा दावा खारिज

वायरल खबरों के बाद दूल्हे के भाई सिकंदर सिंह सामने आए और उन्होंने पूरे मामले पर सफाई दी. उनका कहना है कि शादी में खुशी के माहौल में पैसे जरूर उड़ाए गए, लेकिन जो रकम बताई जा रही है वह बिल्कुल गलत है. उन्होंने बताया कि उनके भाई का ऑस्ट्रेलिया में ट्रक का व्यवसाय है और शादी साधारण ढंग से ही संपन्न हुई.

उनके अनुसार कुल खर्च करीब 2 लाख रुपये के आसपास रहा. सिकंदर सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर 8.5 करोड़ रुपये का आंकड़ा पूरी तरह बेबुनियाद है. उन्होंने इसे अफवाह बताते हुए कहा कि किसी ने भी सच्चाई जानने की कोशिश नहीं की और खबर को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर दिया गया.

इवेंट मैनेजर और डीजे ने भी दी सफाई

शादी का आयोजन करने वाले इवेंट मैनेजर और डीजे ने भी वायरल दावों का खंडन किया है. उनके मुताबिक समारोह में करीब 4 लाख रुपये तक की नकद राशि उड़ाई गई थी, जिसमें कुछ विदेशी मुद्रा भी शामिल थी. उन्होंने साफ कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने की बात पूरी तरह गलत है और उन्हें समझ नहीं आता कि इतना बड़ा आंकड़ा कहां से आ गया.

लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

सफाई के बावजूद वीडियो अभी भी सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है. कुछ लोग शादी की भव्यता और उत्सव के माहौल की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे फिजूलखर्ची बता रहे हैं. फिलहाल परिवार का कहना है कि शादी एक सामान्य पारिवारिक आयोजन था, जिसे ऑनलाइन अफवाहों ने अनावश्यक रूप से सनसनीखेज बना दिया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag