अमेरिका की कोशिश नाकाम? जेनेवा में रूस-यूक्रेन वार्ता खत्म, जेलेंस्की ने जताई नाराजगी
रूस-यूक्रेन का शांति वार्ता स्विट्जरलैंड के जिनेवा में हुई, जो अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता से हुए दो दौर की वार्ताओं का अगला पड़ाव था. दुर्भाग्यवश, वे दोनों दौर भी बिना किसी बड़े समझौते के समाप्त हो गए थे.
Russia Attack Ukraine: स्विट्जरलैंड के जिनेवा में रूस-यूक्रेन शांति वार्ता अचानक समाप्त हो गई. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे बेहद मुश्किल और तनावपूर्ण करार देते हुए रूस पर समझौते की प्रक्रिया को जानबूझकर लंबा खींचने का आरोप लगाया. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को भी निशाने पर लिया और कहा कि ट्रंप सिर्फ यूक्रेन से रियायतें मांग रहे हैं रूस से नहीं. जेलेंस्की ने एक इंटरव्यू में कहा कि यह उचित नहीं है कि ट्रंप सार्वजनिक रूप से सिर्फ यूक्रेन से रियायतें देने को कह रहे हैं.ट उन्होंने पूर्वी डोनबास क्षेत्र छोड़ने की किसी भी मांग को जनमत संग्रह में खारिज होने की बात कही और उम्मीद जताई कि यह ट्रंप की रणनीति है, कोई अंतिम फैसला नहीं. रूसी वार्ताकार व्लादिमीर मेडिंस्की ने कहा कि आगे की बातचीत जल्द होगी. लेकिन कोई तारीख नहीं बताई. यूक्रेनी प्रतिनिधि रुसतम उमेरोव ने वार्ता को व्यावहारिक मुद्दों पर केंद्रित बताया. यह मीटिंग अबू धाबी की असफल वार्ताओं के बाद हुई, जहां दोनों पक्ष अब भी क्षेत्रीय नियंत्रण जैसे प्रमुख मुद्दों पर दूरियां बनाए हुए हैं.


