सोनिया गांधी गंगा राम अस्पताल में हुई भर्ती, केरल का दौरा रद्द कर दिल्ली पहुंचे राहुल-प्रियंका; संसद से भी बनाई दूरी

सोनिया गांधी की अचानक तबियत बिगड़ने से उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राहुल गांधी ने अपना केरल का अहम दौरा रद्द कर अस्पताल पहुंचे हुए हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को मंगलवार देर शाम दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत अभी स्थिर है. डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं और लगातार निगरानी में रखा गया है. 

अस्पताल ने दी जानकारी

सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी की स्थिति स्थिर बनी हुई है. डॉक्टर पेट और यूरिन संक्रमण की जांच कर रहे हैं. उन्हें एंटीबायोटिक दवाएं दी जा रही है. डॉक्टरों की एक पूरी टीम उनकी देखभाल कर रही है. सोनिया गांधी अस्थमा की पुरानी मरीज हैं और मौसम बदलने या प्रदूषण के कारण उनकी तबीयत अक्सर प्रभावित होती रहती है.

राहुल गांधी ने केरल दौरा रद्द किया

मां की बीमारी की खबर मिलते ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपना केरल दौरा रद्द कर दिया. वे कोझिकोड में एक बड़ी रैली को संबोधित करने वाले थे, लेकिन परिवार की चिंता के कारण उन्होंने कार्यक्रम स्थगित कर दिया. राहुल गांधी अस्पताल पहुंचकर अपनी मां से मिले. उनकी बहन प्रियंका गांधी भी अस्पताल में मौजूद रही.

खरगे ने संभाला कार्यक्रम

राहुल गांधी के रद्द करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे केरल पहुंच गए और रैली को संबोधित किया. इस दौरान संसद में ईरान-अमेरिका मुद्दे पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नहीं पहुंच सके. उनकी जगह कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद तारिक अनवर और मुकुल वासनिक बैठक में शामिल हुए.

गांधी परिवार का भरोसा

गांधी परिवार को सर गंगा राम अस्पताल पर पूरा भरोसा है. सोनिया गांधी नियमित रूप से यहां चेकअप कराती रही हैं. प्रियंका गांधी के बच्चे भी इसी अस्पताल में पैदा हुए थे. इस बार भी सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने पर परिवार ने उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती कराया.

संसद में अनुपस्थिति

आज संसद सत्र के दौरान राहुल और प्रियंका गांधी दोनों ही सदन में नहीं दिखे. कांग्रेस पार्टी ने मां की सेहत को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्यक्रमों में बदलाव किया है. पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक सोनिया गांधी के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि सोनिया गांधी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरी इलाज जारी है. परिवार के सदस्य लगातार अस्पताल में मौजूद हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो