कर्नाटक में मस्जिद के बाहर जुलूस पर पत्थरबाजी, SP गोयल घायल; ठेलों में लगाई गई आग
कर्नाटक के बागलकोट में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान अचानक दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया.

कर्नाटक के बागलकोट में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान अचानक दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. यह घटना बागलकोट किले के आसपास उस समय हुई, जब मराठा समाज के लोग पारंपरिक तरीके से जुलूस निकाल रहे थे. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और बल प्रयोग कर हालात को नियंत्रित किया गया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
अंबाभवानी मंदिर से हुई जुलूस की शुरुआत
जानकारी के अनुसार, जुलूस की शुरुआत शहर के अंबाभवानी मंदिर से हुई थी. जब यह जुलूस पंका मस्जिद के पास पहुंचा, उसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी. इस पत्थरबाजी में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल सहित कई लोग घायल हो गए. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, स्थिति पहले सामान्य थी, लेकिन अचानक हुई इस घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया.
दूसरी ओर, मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि जुलूस के दौरान मस्जिद के पास डीजे की आवाज तेज कर दी गई और नारेबाजी की गई, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हुई. इस पर वहां मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच कुछ लोगों द्वारा चप्पल और पत्थर फेंके जाने से हालात और बिगड़ गए.
पत्थरबाजी से हिंदू कार्यकर्ता आक्रोशित
पत्थरबाजी के बाद कुछ हिंदू कार्यकर्ता भी आक्रोशित हो गए और मस्जिद के बाहर लगे ठेलों में आग लगा दी. इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. आयोजकों ने इस घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इस दौरान घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें पुलिस अधिकारियों के घायल होने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं. पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल के नेतृत्व में टीम ने सक्रियता दिखाते हुए रात करीब 11 बजे तक हालात पूरी तरह नियंत्रण में कर लिए.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है. इस घटना में किसी की मौत की खबर नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.


