ट्रेन में आग का कहर: हैदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस के AC कोचों में लगी आग, कोई हताहत नहीं
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन को शाम 7 बजे जयपुर के लिए निकलना था। रवाना होने से कुछ मिनट पहले ही 3-टियर एसी कम्पार्टमेंट के B1 और B2 कोच से धुआं और लपटें उठने लगीं। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना दी।

नई दिल्ली: शुक्रवार (15 मई 2026) शाम हैदराबाद के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टल गया। जयपुर जाने वाली हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस के दो एसी कोच में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
रवाना होने से पहले भड़की लपटें
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन को शाम 7 बजे जयपुर के लिए निकलना था। रवाना होने से कुछ मिनट पहले ही 3-टियर एसी कम्पार्टमेंट के B1 और B2 कोच से धुआं और लपटें उठने लगीं। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना दी।
दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू
अलर्ट मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। तीन दमकल गाड़ियों ने तेजी से काम शुरू किया और आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग बाकी कोच तक नहीं फैल पाई।
खाली थे कोच, टला बड़ा नुकसान
अधिकारियों ने बताया कि जब आग लगी तब B1 और B2 कोच में कोई यात्री नहीं था। ट्रेन रवाना होने की तैयारी चल रही थी, इसलिए ज्यादातर लोग प्लेटफॉर्म पर थे या दूसरे कोच में बैठ रहे थे। सतर्क रेलवे स्टाफ ने तुरंत आसपास के कोच खाली कराए। उनकी तत्परता से भगदड़ नहीं मची और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
जांच के बाद पता चलेगी वजह
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन रेलवे अधिकारी विस्तृत जांच के बाद ही कुछ कह पाएंगे। तकनीकी टीम कोच की जांच कर रही है। घटना के बाद यात्रियों को दूसरी बोगियों में शिफ्ट करके ट्रेन को रवाना किया गया। रेलवे के मुताबिक सतर्कता और तुरंत रिस्पॉन्स की वजह से जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। नामपल्ली जैसे व्यस्त स्टेशन पर अगर आग फैल जाती तो हालात बिगड़ सकते थे। फिलहाल स्टेशन पर स्थिति सामान्य है।


