हैदराबाद में 4 करोड़ की फेरारी का ब्रेक हुआ फेल, जोरदार टक्कर से कई लोग हुए घायल

हैदराबाद में एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जहां एक 4 करोड़ की कार ने कई लोगों को घायल किया है. बता दें, अचानक से कार अपना नियत्रण खो बैठा, उसके बाद कई लोगों को रौंदा.

Sonee Srivastav

तेलंगाना: हैदराबाद के जुबली हिल्स में रविवार को एक तेज रफ्तार फेरारी कार ने बड़ा हादसा कर दिया. व्यवसायी क्रांति रेड्डी द्वारा चलाई जा रही यह लग्जरी कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और डिवाइडर पार करके सामने से आ रही कई गाड़ियों से टकरा गई. इस जोरदार टक्कर में कई लोग घायल हो गए और कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. 

हादसे की पूरी घटना

रविवार सुबह जुबली हिल्स के रोड नंबर 45 पर यह हादसा हुआ. पुलिस के मुताबिक, कार की ब्रेक फेल हो गई और स्टीयरिंग लॉक की समस्या आ गई, जिसके कारण ड्राइवर कार को संभाल नहीं पाया. तेज गति से चल रही फेरारी ने रोड के बीच में लगे लाइट मास्ट (खंभे) को टक्कर मारी, जो गिर गया. 

इसके बाद कार डिवाइडर फांदकर दूसरी तरफ चली गई और सामने से आ रही कारों तथा दोपहिया वाहनों से भिड़ गई. हादसे में कम से कम तीन लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं. 

फेरारी कार की कीमत लगभग 3.5 से 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है. हादसे के बाद कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग भी खुल गए. टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे आने वाली कुछ अन्य गाड़ियां भी चेन रिएक्शन में क्षतिग्रस्त हो गई. मौके पर पुलिस और ट्रैफिक टीम तुरंत पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. सड़क पर ट्रैफिक जाम लग गया, जिसके कारण वाहनों को दूसरी तरफ डायवर्ट करना पड़ा.

पुलिस जांच और कार्रवाई

पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. जांच में ब्रेक फेलियर और स्टीयरिंग की खराबी को मुख्य कारण माना जा रहा है. ड्राइवर क्रांति रेड्डी का अल्कोहल टेस्ट नेगेटिव आया है. मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर से कार की तकनीकी जांच कराई जा रही है ताकि हादसे का सही कारण पता चल सके. अभी घायलों की पूरी पहचान और हादसे के अन्य विवरण सामने नहीं आए हैं. 

लग्जरी कारों की तेज ड्राइविंग पर चिंता

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब शहरों में महंगी और स्पोर्ट्स कारों की तेज रफ्तार  से होने वाले हादसों की संख्या बढ़ रही है. विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी कारों को चलाते समय सावधानी और स्पीड लिमिट का पालन बहुत जरूरी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन करे ताकि ऐसे हादसे रोके जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag