एक साल से दिल्ली में भाजपा की 4 इंजन की सरकार, फिर भी दिल्लीवाले बेहाल...सौरभ भारद्वाज ने BJP पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने चिराग दिल्ली में दिल्ली बेहाल जनसंवाद सभा में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि चार इंजन वाली सरकार के बावजूद दिल्लीवासी बेहाल हैं. मोहल्ला क्लीनिक बंद कर बेरोजगारी बढ़ाई गई, महिलाओं को 2500 रुपये नहीं मिले और यमुना सफाई का फर्जीवाड़ा हुआ. एक मार्च को जंतर मंतर पर बड़ी सभा होगी.

नई दिल्ली : रविवार को चिराग दिल्ली में आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली बेहाल जनसंवाद अभियान के तहत बड़ी जनसभा की. इस दौरान उन्होंने भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि केंद्र, उपराज्यपाल, दिल्ली सरकार और एमसीडी की चार इंजन वाली सरकार होने के बावजूद आम आदमी की हालत बदतर हो गई है.
भाजपा पर गरीब विरोधी होने का आरोप
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा हमेशा से सेठों और धन्नासेठों की पार्टी रही है. चुनाव के समय ही ये गरीबों के बीच आते हैं और झूठे वादे करते हैं. गरीब भोला होता है इसलिए इनकी बातों में आ जाता है. 27 साल बाद भाजपा को दिल्ली में सरकार मिली लेकिन आप के बनाए सुविधाओं को छीन लिया गया. गांवों में डिस्पेंसरी बंद कर गरीबों और बुजुर्गों को परेशान किया जा रहा है.
मोहल्ला क्लीनिक बंद करने का फर्जीवाड़ा
शेख सराय के पानी टंकी नीचे बने मोहल्ला क्लीनिक में गांव की महिलाएं फ्री जांच और दवाइयों से लाभान्वित होती थीं. भाजपा सरकार ने 370 क्लीनिक बंद कर दिए और उन्हें सिर्फ रंगाई-पुताई कर आरोग्य मंदिर का नाम दे दिया. यह खुला फ्रॉड है. सीएम रेखा गुप्ता दावा करती हैं कि उन्होंने नई सुविधा दी लेकिन असल में आप के काम को चुरा रही हैं. गांव वाले सच्चाई जानते हैं.
महिलाओं और बस मार्शलों के वादे झूठे साबित
प्रधानमंत्री ने चुनाव में महिलाओं के खाते में 2500 रुपये देने का वादा किया था लेकिन एक भी महिला को पैसा नहीं मिला. बस मार्शलों को पक्की नौकरी का लालच देकर भाजपा ने वोट लिए लेकिन अब बात तक नहीं करते. 6000 बस कंडक्टरों को निकाला जा रहा है जबकि नई बसों की बात की जाती है. यह गरीबों के साथ धोखा है और कोई जवाबदेही नहीं ली जा रही.
प्रदूषण और यमुना सफाई का नकली खेल
छठ पूजा के समय सीएम ने दावा किया कि यमुना साफ हो गई लेकिन बाद में पता चला कि नकली यमुना बनाई गई थी. पीने के पानी के पाइप में इसे भरा गया ताकि फोटो और इंटरव्यू दिए जा सकें. प्रदूषण मीटर बंद कर पानी छिड़का गया ताकि स्तर कम दिखे. आप ने इस चोरी को पकड़ा. भाजपा एक साल में गांवों के लिए कुछ नहीं कर पाई, पुराने बजट से काम चल रहा है.
बेरोजगारी और अन्य मुद्दों पर हमला
मोहल्ला क्लीनिक बंद कर हजारों डॉक्टर, नर्स और कर्मचारी बेरोजगार हुए. निजी स्कूलों ने फीस 20 से 80 फीसदी बढ़ाई लेकिन सरकार चुप है. 8 लाख गरीबों के राशन कार्ड रद्द कर दिए गए और पेंशन बंद की गई. गांवों के फेस्टिवल को कोठियों में शिफ्ट कर दिया गया. एक मार्च को जंतर मंतर पर विशाल सभा में बेहाल दिल्ली की आवाज बुलंद की जाएगी.


