मुंडन संस्कार बना अंतिम संस्कार! कौशांबी में हाईवे पर खड़े ट्राला से टकराई पिकअप, 7 लोगों की मौके पर ही मौत

आज रामनवमी के मौके पर मुंडन संस्कार से लौट रहे पिकअप में एक ही परिवार रिश्तेदार के 7 लोगों की मौत हो गई है. इस गाड़ी में कम से कम 35 लोग भरे हुए थे, जो कि बुरी तरह से घायल हैं.

Sonee Srivastav

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एक भयानक सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को रुला दिया. शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे डोरमा पेट्रोल पंप के पास हाईवे किनारे खड़े ट्राला में एक पिकअप वाहन पीछे से जोरदार टक्कर मार बैठा. टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

मुंडन संस्कार से लौट रहे थे लोग

हादसे का शिकार होने वाले सभी यात्री फतेहपुर जिले के मलवा क्षेत्र के बड़ोखर गांव के निवासी थे. वे रामनवमी के पावन अवसर पर कड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी के दर्शन करने गए थे. सुबह पिकअप बुक करके पहुंचे और संगम घाट पर एक बच्चे का मुंडन संस्कार पूरा कर घर लौट रहे थे. फतेहपुर के जाफरगंज थाना क्षेत्र के कोरावल गांव निवासी पंकज सिंह के बेटे का मुंडन था. परिवार और रिश्तेदारों समेत कुल 25 से 35 लोग लोडर पिकअप में सवार थे.

सात मौतें, दो दर्जन से ज्यादा घायल

दुर्घटना में चार महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई. बाकी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू और जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने चार एंबुलेंस भेजकर घायलों को पहुंचाने में मदद की.

सीएमओ डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि उनके केंद्र पर 23 मरीज पहुंचे. एक महिला और तीन बच्चों की मौत हो चुकी थी. कुछ घायलों को फ्रैक्चर की आशंका के साथ जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि 14 अन्य मरीजों का इलाज वहीं जारी है. अस्पताल में इमरजेंसी स्टाफ और सीएमएस की टीम पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है.

हाईवे पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद सड़क पर घायलों की चीत्कार गूंज उठी. आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े आए. दुर्घटना की वजह से हाईवे पर यातायात काफी देर तक जाम रहा. 

पुलिस और प्रशासन सक्रिय

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप की तेज रफ्तार या ड्राइवर का नियंत्रण खोना मुख्य वजह हो सकती है. यह घटना रामनवमी जैसे शुभ मौके पर हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजन रो-रोकर बुरा हाल है. घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो