‘मच्छर और माफिया दोनों खत्म किए’, कुशीनगर में गरजे CM योगी; ‘फाजिलनगर का नाम बदलकर किया ‘पावागढ़’

आज कुशीनगर में CM योगी ने कई बड़े घोषणे किए हैं. उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने का ऐलान किया है.

Sonee Srivastav

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर दौरे के दौरान जिले को बड़ी सौगात दी. उन्होंने 424 करोड़ रुपये से अधिक की 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस मौके पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने विकास, कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. साथ ही उन्होंने फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने की घोषणा भी की.

विकास और कानून व्यवस्था पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले कुशीनगर बीमारी, अपराध और पहचान के संकट से जूझ रहा था. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले जिले में खनन माफिया, बालू माफिया और जंगल पार्टी का आतंक था. लोग डर और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर थे.

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अपराध और बीमारी दोनों पर सख्ती से काम किया है. सीएम योगी ने कहा, “हमारी सरकार ने मच्छर और माफिया दोनों का इलाज किया है. बीमारी भी खत्म हुई और अपराध भी कम हुआ.”

इंसेफ्लाइटिस पर नियंत्रण का दावा

मुख्यमंत्री ने इंसेफ्लाइटिस बीमारी का जिक्र करते हुए कहा कि पहले हर साल कई बच्चों की जान चली जाती थी. स्वास्थ्य सुविधाएं कमजोर थीं और लोगों को सही इलाज नहीं मिल पाता था. लेकिन अब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया है और बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है.

किसानों की समस्याओं का भी किया जिक्र

सीएम योगी ने किसानों की स्थिति पर भी बात की. उन्होंने कहा कि पहले किसानों को गन्ने की पर्ची तक समय पर नहीं मिलती थी और उन्हें घटतौली का सामना करना पड़ता था. अब किसानों को बेहतर सुविधाएं और योजनाओं का लाभ मिल रहा है.

राम मंदिर को लेकर विपक्ष पर निशाना

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि कई वर्षों तक राम मंदिर निर्माण को रोका गया. लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया. उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा आस्था के मुद्दों की अनदेखी की.

‘फाजिलनगर’ अब कहलाएगा ‘पावागढ़’

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि फाजिलनगर का नाम बदलकर अब ‘पावागढ़’ किया जाएगा. उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक और सांसद की मांग पर सरकार ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नाम भगवान महावीर से जुड़ा हुआ है और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान देगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो