गाजियाबाद सूर्या चौहान हत्याकांड: सूर्या चौहान के परिजनों से मिलने आज दोपहर 2 बजे पहुंचेंगे बीजेपी नेता सुनील भराला
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के चर्चित सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड के बाद अब शासन और प्रशासन पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए आगे आया है.

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के चर्चित सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड के बाद अब शासन और प्रशासन पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए आगे आया है. हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के पुलिस मुठभेड़ में ढेर होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार और सामाजिक संगठन मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं. इसी कड़ी में रविवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा खोड़ा स्थित सूर्या के आवास पर पहुंचे वहीं राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक और भाजपा के पूर्व मंत्री पंडित सुनील भराला भी आज पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे.
कैबिनेट मंत्री ने की रोजगार और आर्थिक सहायता की घोषणा
खोड़ा पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. मंत्री ने पीड़ित परिवार को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि परिवार के एक सदस्य को खोड़ा नगर पालिका में तुरंत रोजगार मुहैया कराया जाएगा. इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रक्रिया शुरू करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं. मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की तरफ से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी. इस जघन्य अपराध में शामिल अन्य जितने भी दोषी हैं। उनके खिलाफ भी कानून के तहत ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी जो मिसाल बनेगी.
सुनील भराला आज दोपहर 2 बजे पहुंचेंगे खोड़ा
सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड को लेकर सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी गहरा आक्रोश है. भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक पंडित सुनील भराला आज दोपहर 2:00 बजे सूर्या चौहान के खोड़ा स्थित आवास पर पहुंचेंगे. वह शोकाकुल माता-पिता और परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे.
सुनील भराला ने क्या कहा
मुलाकात से पहले पंडित सुनील भराला ने कहा कि सूर्या की इस तरह निर्मम हत्या ने पूरे समाज को अंदर तक झकझोर दिया है. उन्होंने भरोसा दिया कि राष्ट्रीय परशुराम परिषद का एक-एक सदस्य और पूरा समाज इस मुश्किल वक्त में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है.
गुंडागर्दी और दबाव बनाने वालों को सख्त चेतावनी
कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का पूरा भरोसा देते हुए कहा कि उन्हें किसी भी असामाजिक तत्व से डरने या घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि यदि किसी ने भी पीड़ित परिवार पर किसी तरह का दबाव बनाने, डराने या गुंडागर्दी करने का प्रयास किया तो जिला प्रशासन और पुलिस उसके खिलाफ ऐसी दंडात्मक कार्रवाई करेगी जिसे वह जिंदगी भर नहीं भूलेगा.


