गीता ज्ञान की आड़ में युवतियों को फंसाने का आरोप, मथुरा से IITian साधु गिरफ्तार

मथुरा के राधाकुंड से एक कथित साधु वेशधारी आईआईटीयन युवक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी पर गीता ज्ञान और ऑनलाइन प्रवचन के नाम पर युवतियों को अपने प्रभाव में लेकर नशीला पदार्थ देने और यौन शोषण करने के आरोप हैं. छत्तीसगढ़ की एक छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गीता ज्ञान और आध्यात्मिक प्रवचन के नाम पर युवतियों को अपने प्रभाव में लेने और उनके साथ यौन शोषण करने के आरोप में एक साधु वेशधारी युवक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा के रूप में हुई है, जिसने आईआईटी रुड़की से बीटेक की पढ़ाई की थी.

पुलिस के अनुसार, आरोपी राधाकुंड क्षेत्र में रहकर ऑनलाइन प्रवचन करता था और कथित तौर पर युवतियों का ब्रेनवॉश कर उन्हें अपने संपर्क में लाता था. हाल ही में छत्तीसगढ़ की एक युवती द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

गीता ज्ञान के नाम पर युवतियों को बनाता था निशाना

पुलिस की जांच में सामने आया है कि मूल रूप से उड़ीसा के फोरदा निवासी अभिषेक मिश्रा कई वर्षों से राधाकुंड में रह रहा था. आरोप है कि वह ऑनलाइन माध्यम से गीता ज्ञान और धार्मिक प्रवचन देता था तथा इसी बहाने युवतियों को अपने प्रभाव में लेता था.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवतियों को नशीले पदार्थ का सेवन कराकर उनका शोषण करता था. हालांकि लंबे समय तक कोई भी युवती उसके खिलाफ सामने आने को तैयार नहीं हुई.

छत्तीसगढ़ की छात्रा की शिकायत से खुला मामला

मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ निवासी बीएससी नर्सिंग की एक छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. युवती ने आरोप लगाया कि वह अपनी बड़ी बहन से मिलने राधाकुंड आई थी, जहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया.

15 मई को बहन से मिलने पहुंची थी मथुरा

पीड़िता के अनुसार, वह 15 मई को अपनी बड़ी बहन से मिलने मथुरा पहुंची थी, जो यहां इंटर्नशिप कर रही थी. दोनों बहनें 17 मई को अपना जन्मदिन साथ मनाना चाहती थीं.

युवती ने बताया कि उसकी बहन राधाकुंड में किराए के मकान में रहती थी और एक कीर्तन मंडली के साथ जुड़ी हुई थी. उसी दौरान वह कमरे में अकेली रह गई थी.

भगवान का प्रसाद है पी लीजिए

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि रात के समय अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास कमरे पर आया और दूध देते हुए कहा, "यह भगवान का प्रसाद है पी लीजिए."

युवती के अनुसार, उसने दूध पीने से इनकार किया था, लेकिन आरोपी ने प्रसाद का हवाला देकर उसे दूध पीने के लिए मजबूर किया. दूध पीने के कुछ समय बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंच गई.

अश्लील हरकत का आरोप, विरोध करने पर धमकी

पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन सुबह आरोपी फिर कमरे पर आया और उसकी तबीयत पूछने लगा. इसके बाद उसने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं.

युवती के मुताबिक, विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गया और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी.

वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप

पीड़िता ने बताया कि वह बाद में अपने घर लौट गई और पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी. इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे धमकाता रहा.

युवती के अनुसार, आरोपी ने दावा किया कि उसके पास नहाते समय का वीडियो है और वह उसे वायरल कर देगा.

शिकायत के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, युवती द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उसके बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए. बयान में युवती अपने आरोपों पर कायम रही, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी.

राधाकुंड से हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने सोमवार शाम अभिषेक मिश्रा को राधाकुंड स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान वहां दो युवतियां भी मिलीं.

इनमें एक युवती बिलासपुर और दूसरी मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली बताई गई. पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया.

नशा मुक्ति केंद्र भेजी गईं युवतियां

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों युवतियों की मानसिक स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया. परिजनों की सहमति के बाद उन्हें नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया.

रैकेट की जानकारी जुटा रहे थे संगठन

कानपुर से आए विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता राजेश गिरी ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास पिछले एक महीने से किया जा रहा था.

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, आरोपी शिक्षित युवाओं को ऑनलाइन गीता ज्ञान और आध्यात्मिक शिक्षा के माध्यम से अपने संपर्क में लाता था. पुलिस का कहना है कि करीब दो दर्जन युवक-युवतियां उसके आश्रम में रह रहे थे और मामले की जांच जारी है.

शोषण और नशीला पदार्थ देने के आरोप की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान मिली एक युवती ने बयान दिया है कि आरोपी उसके साथ शोषण करता था और उसे कुछ नशीले पदार्थ भी देता था. पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो