सुबह गिरफ्तार, दोपहर में रिहा! अरबपति के बेटे शिवम मिश्रा को 20 हजार में मिली जमानत, जानें पूरा मामला

कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसे में मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. सुबह गिरफ्तार हुए आरोपी को दोपहर तक 20,000 रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया है.

Sonee Srivastav

उत्तर प्रदेश: कानपुर के चर्चित लैंबॉर्गिनी हादसे में मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को बड़ी राहत मिल गई है. एसीएमएम कोर्ट ने पुलिस की 14 दिन की रिमांड अर्जी खारिज कर दी और शिवम को 20,000 रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया.

अदालत ने यह भी आदेश दिया कि आरोपी जांच में पूरा सहयोग करेगा. यह फैसला गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ही आया, जिससे मामला और सुर्खियों में आ गया. 

हादसे का पूरा विवरण 

रविवार को कानपुर के वीआईपी रोड (ग्वालटोली इलाका) पर करीब 10-12 करोड़ रुपये की लैंबॉर्गिनी रेवेल्टो कार तेज रफ्तार में कई पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहनों से टकरा गई. इस हादसे में कम से कम 6 लोग घायल हुए थे. वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि कार ड्राइविंग सीट से शिवम मिश्रा ही बाहर निकला.

पुलिस ने जांच में पुष्टि की कि हादसे के समय शिवम खुद गाड़ी चला रहा था.हादसे के बाद मौके पर बाउंसर दिखे, जो नंबर प्लेट छिपाने और भीड़ को दूर करने की कोशिश कर रहे थे. शुरुआत में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा, जिसके बाद ग्वालटोली थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया.

सुबह गिरफ्तारी और शाम को जमानत 

हादसे के बाद शिवम फरार हो गया. पुलिस ने कई टीमों के साथ छापेमारी की. गुरुवार सुबह छह बंगला रोड के पास उसके घर से शिवम को गिरफ्तार किया गया. बचाव पक्ष ने डमी ड्राइवर मोहन लाल को पेश करने की कोशिश की, लेकिन कोर्ट ने इसे नहीं माना क्योंकि एफआईआर में शिवम का नाम था.

कोर्ट में शिवम ने खुद अपनी पैरवी की. पुलिस नोटिस प्रक्रिया पर सबूत नहीं दे पाई, जिसके बाद अदालत ने रिमांड खारिज कर जमानत मंजूर की.

पुलिस की जांच पड़ताल जारी

पुलिस जांच जारी है. लैंबॉर्गिनी जब्त है और फोरेंसिक जांच चल रही है. शिवम को जांच में सहयोग करना होगा। यह मामला तेज रफ्तार, लग्जरी कारों और प्रभावशाली लोगों के रवैये पर सवाल उठा रहा है. घायलों का इलाज चल रहा है और समाज में इस घटना को लेकर गुस्सा है. पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag