गाजियाबाद का लग्जरी होटल बना देह व्यापार का अड्डा! 500 लड़कियों का सेक्स रैकेट, विदेशी लड़कियां भी शामिल
गाजियाबाद में एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है. छापेमारी के दौरान पुलिस को पता चला की इसमें करीब 500 लड़कियां शामिल है, जिसमें विदेशी महिलाएं भी है.

उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद के वैशाली इलाके में एक बड़ा हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने महागुन सरोवर पोर्टिको होटल में छापेमारी की, जहां अवैध देह व्यापार चल रहा था. इस रैकेट में 500 से ज्यादा लड़कियों की तस्वीरें मैनेजर के फोन से मिली हैं, जबकि विदेशी महिलाएं भी इसमें शामिल थी. पुलिस ने 11 लड़कियों को बचाया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
छापेमारी और रेस्क्यू ऑपरेशन
बुधवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि होटल में सेक्स रैकेट चल रहा है. एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कौशांबी और इंदिरापुरम पुलिस टीम ने सेक्टर-3F वैशाली स्थित इस 4 स्टार होटल पर छापा मारा. पुलिस पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. कई लोग भागने की कोशिश में सफल रहे.
पुलिस ने अलग-अलग कमरों से 11 युवतियों को रेस्क्यू किया. ये लड़कियां 21 से 31 साल की हैं और गुजरात, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, ओडिशा जैसे राज्यों से आई हुई थी. पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें नौकरी के बहाने लाया गया था, लेकिन बाद में जबरदस्ती इस गंदे धंधे में धकेल दिया गया.
आरोपी का राजनीतिक दल से संबंध
पुलिस ने होटल मैनेजर राहुल शर्मा (46) को रैकेट का मुख्य आरोपी बताया है. उसके अलावा वेटर सुनील सिंह (39) और अंकित चौहान (19) को भी गिरफ्तार किया गया. फरार आरोपियों में सुमित रावत (कोटद्वार, उत्तराखंड), निर्दोष और अफजल शामिल हैं. कुछ सूत्रों के अनुसार, निर्दोष का किसी राजनीतिक दल से संबंध बताया जा रहा है. पुलिस इनकी तलाश में जुटी है.
कैसे हुआ रैकेट का भांडाफोड़
आरोपियों ने वॉट्सऐप के जरिए ग्राहकों को लड़कियों की तस्वीरें और रेट लिस्ट भेजते थे. ग्राहक पसंद करने के बाद होटल आते थे. एक रात के लिए ग्राहकों से 15 से 20 हजार रुपये लिए जाते थे, जबकि लड़कियों को सिर्फ 5 हजार रुपये मिलते थे. कई बार लड़कियों को दूसरे होटलों में भी भेजा जाता था, जहां रूम ऑनलाइन बुक किए जाते थे.
मैनेजर के फोन से 500 से ज्यादा लड़कियों की तस्वीरें और 100 से अधिक ग्राहकों के नंबर मिले हैं. कुछ लड़कियों ने बताया कि विदेशी महिलाएं भी इस धंधे में आती थी, जिससे रैकेट और बड़ा लगता है.
पुलिस की जांच शुरू
पुलिस अब फोन डेटा, चैट और ग्राहकों की सूची की जांच कर रही है. कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं. लड़कियों को सुरक्षित रखा गया है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं. यह मामला NCR में बढ़ते सेक्स ट्रैफिकिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा.


