बरेली में नर्स की संदिग्ध मौत: रातभर पति को किए 63 कॉल और 47 मैसेज, सुबह हॉस्टल के कमरे में मिली लाश
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक 28 वर्षीय नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. जांच में सामने आया कि मौत से पहले उसने पूरी रात अपने पति को 63 कॉल और 47 मैसेज किए थे, लेकिन किसी का जवाब नहीं मिला. सुबह हॉस्टल के कमरे में उसका शव मिला, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक निजी अस्पताल के हॉस्टल में रहने वाली 28 वर्षीय नर्स प्रियंका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. रविवार दोपहर उनका शव कमरे में अचेत अवस्था में मिला, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों ने इस घटना को और भी संवेदनशील बना दिया है. बताया जा रहा है कि मौत से पहले प्रियंका पूरी रात अपने पति को फोन और मैसेज करती रहीं, लेकिन उनके पति ने एक भी कॉल रिसीव नहीं किया.
कमरे में अचेत मिली प्रियंका
पीलीभीत के कुंवरपुर बंजरिया निवासी सुनील और प्रियंका की शादी साल 2014 में हुई थी. दोनों ही पेशे से नर्स थे. पारिवारिक विवाद के चलते पिछले छह महीने से प्रियंका अपने पति से अलग रह रही थीं और अस्पताल के पास बने हॉस्टल में अपनी सहकर्मी नर्स आस्था के साथ रहती थीं.
शनिवार रात प्रियंका की ड्यूटी थी, लेकिन तबीयत खराब होने का हवाला देकर उन्होंने छुट्टी ले ली थी. रविवार सुबह उनकी रूममेट आस्था ड्यूटी पर चली गईं. जब दोपहर में वह वापस लौटीं तो प्रियंका को उठाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई. इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मोबाइल से सामने आई पूरी रात की कहानी
मामले की जांच के दौरान बारादरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने प्रियंका का मोबाइल फोन जांचा. मोबाइल की जांच में जो जानकारी सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया.
पता चला कि प्रियंका ने शनिवार रात भर अपने पति सुनील से संपर्क करने की कोशिश की थी. इस दौरान उन्होंने 63 व्हाट्सएप कॉल, 47 मैसेज और एक वॉयस मैसेज भेजा था.
इन मैसेज में प्रियंका अपने पति से "सॉरी" कहते हुए उसे मनाने और अपनी गलती सुधारने की कोशिश करती नजर आईं. हालांकि, उनके पति की ओर से किसी भी कॉल या मैसेज का जवाब नहीं दिया गया.
शक और विवाद बना रिश्ते में दरार
पुलिस के मुताबिक सुनील ने बताया कि उसे अपनी पत्नी पर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़े और मारपीट होती थी. यही कारण था कि पिछले कुछ समय से दोनों अलग-अलग रह रहे थे.
इस दौरान प्रियंका ने हाल ही में एक बुटीक भी शुरू किया था और आर्थिक समस्याओं से भी जूझ रही थीं. वहीं, प्रियंका के मायके वालों ने उनके पति सुनील पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार कमरे से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध दवा बरामद नहीं हुई है. शव पर भी किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं.
इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज में भी किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री नहीं दिखाई दी है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की असली वजह -जहर या हार्ट अटैक का पता चल सकेगा.


