ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: स्कूली बस की चपेट में आकर 5 साल की बच्ची की मौत

ग्रेटर नोएडा के दनकौर में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ एक स्कूल बस ड्राइवर की लापरवाही के कारण 5 साल की एक बच्ची की जान चली गई. यह बच्ची उसी स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा थी और बस से उतरने के बाद अपने घर की ओर जा रही थी.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां स्कूल से घर लौटी एक मासूम बच्ची की उसी बस से कुचलकर मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है.

यह घटना दनकौर थाना क्षेत्र के रोशनपुर गांव में गुरुवार को हुई. हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

घर के पास ही हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, रोशनपुर गांव निवासी अरुण शर्मा की पांच साल की बेटी भूमि पास के एक निजी स्कूल में कक्षा एक में पढ़ती थी. गुरुवार दोपहर वह रोज की तरह स्कूल बस से घर लौटी थी.

परिजनों का आरोप है कि जैसे ही बच्ची बस से उतरकर घर की ओर बढ़ी, उसी स्कूल बस ने उसे कुचल दिया. इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई.

अस्पताल में हुई मौत

घटना के तुरंत बाद परिजन बच्ची को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

चालक मौके से फरार

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.

हेल्पर न होने से बढ़ी लापरवाही

परिजनों ने आरोप लगाया है कि बस में चालक के अलावा कोई हेल्पर मौजूद नहीं था. बच्चों को सुरक्षित उतारने और सड़क पार कराने के लिए कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं था, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है. पुलिस आरोरी चालक की तलाश मे जुटी हैं.

इस घटना ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और अभिभावकों की चिंता भी बढ़ा दी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो