IVF से पैदा हुई बच्ची पर बवाल! शरीयत के खिलाफ बताकर पति ने दी जान से मारने की धमकी, पुलिस का बड़ा एक्शन

महज एक महीने की मासूम बच्ची, जिसने अभी दुनिया को ठीक से देखा भी नहीं, आज विवादों के घेरे में है. IVF तकनीक से जन्मी इस नन्ही जान को लेकर शरीयत के खिलाफ होने की बहस छिड़ गई है, जिससे परिवार पर मुसीबत टूट पड़ी है.

calender

उत्तर प्रदेश: यूपी के बिजनौर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आईवीएफ से जन्मी बच्ची को लेकर एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का दावा है कि ससुराल वाले आईवीएफ प्रक्रिया को शरीयत के खिलाफ बता रहे हैं और नवजात बच्ची को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

घटना बिजनौर के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव हुसैनाबाद उर्फ दौलताबाद की है. पीड़िता गुलशन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब 12 साल पहले थाना नांगल क्षेत्र के गांव दहीरपुर निवासी फुरकान पुत्र मोहम्मद इस्माइल से हुई थी. महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और आए दिन मारपीट की जाती थी.

कैसे शुरू हुआ विवाद?

गुलशन के मुताबिक लंबे समय तक संतान न होने के कारण उसने अपने पति की सहमति से गाजियाबाद के एक अस्पताल में आईवीएफ तकनीक के जरिए गर्भधारण किया. महिला का कहना है कि जैसे ही इस बात की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को हुई, उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया. आरोप है कि जेठ इमरान, जेठानी शमीमा और जेठानी के पिता शमीम ने आईवीएफ प्रक्रिया को शरीयत और इस्लाम के खिलाफ बताते हुए बच्चे के जन्म पर आपत्ति जताई.

गर्भ में पल रहे बच्चे को खत्म कराने का दबाव

महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि ससुराल पक्ष को डर था कि बच्चे के जन्म के बाद संपत्ति में हिस्सेदारी का विवाद हो सकता है. इसी वजह से उस पर गर्भ में पल रहे बच्चे को खत्म कराने का दबाव बनाया गया. गुलशन के अनुसार 4 अप्रैल को उसका पति, जेठ, जेठानी, ससुर और अन्य लोग उसके मायके गांव दौलताबाद पहुंचे. वहां उसके साथ मारपीट की गई और धमकी दी गई कि आईवीएफ से पैदा होने वाले बच्चे को जिंदा नहीं रहने देंगे.

बच्ची के जन्म के बाद भी मिल रहीं धमकियां

पीड़िता ने बताया कि 20 अप्रैल को उसने एक बच्ची को जन्म दिया. हालांकि बच्ची के जन्म के बाद भी धमकियों का सिलसिला बंद नहीं हुआ. महिला का आरोप है कि आरोपी अब भी उसकी नवजात बेटी को नुकसान पहुंचाने की बातें कर रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है.

पति समेत छह लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अभिषेक झा के निर्देश पर पुलिस ने पति फुरकान, जेठ इमरान, जेठानी शमीमा, ससुर इस्माइल, हनीशा और शमीम के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.  पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. First Updated : Thursday, 28 May 2026