वृंदावन में बंदरों का कहर: खाना खिलाते समय 15 फीट नीचे गिरी 13 वर्षीय बच्ची, दर्दनाक मौत

मथुरा के वृंदावन में बंदरों को खाना खिलाते समय पहली मंजिल की खिड़की से गिरने पर 13 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने बढ़ते बंदर आतंक पर प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है.

calender

मथुरा/वृंदावन: धर्मनगरी वृंदावन में बंदरों के आतंक ने एक मासूम की जान ले ली. संत कॉलोनी में 13 वर्षीय बच्ची पूर्वा की पहली मंजिल की खिड़की से नीचे गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बच्ची अचानक संतुलन खोकर करीब 15 फीट नीचे सड़क पर गिरती हुई दिखाई दे रही है.

हादसे के समय घर में थे सिर्फ दोनों बच्चे

जानकारी के अनुसार, घटना बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र की संत कॉलोनी की है. यहां अनिल पांडे अपनी पत्नी, बेटे और गोद ली हुई 13 वर्षीय बेटी पूर्वा के साथ किराए के मकान में पहली मंजिल पर रहते हैं. हादसे के समय अनिल और उनकी पत्नी रोज की तरह परिक्रमा मार्ग पर खाना बनाने की ठेली लगाने गए हुए थे। घर में पूर्वा और उसका छोटा भाई ही मौजूद थे.

बंदरों को खाना खिलाते समय बिगड़ा संतुलन

बताया जा रहा है कि पूर्वा खिड़की से बंदरों को खाना खिला रही थी. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पहली मंजिल से सीधे सड़क पर जा गिरी. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

स्थानीय लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. स्थानीय लोगों ने भी वृंदावन में लगातार बढ़ रहे बंदरों के आतंक पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. उनका कहना है कि बंदरों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है.

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. First Updated : Thursday, 02 July 2026