19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू, गैर-सनातनी और रील बनाने वालों के लिए सख्त नियम

एस साल चार धाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है. बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट कर दिया है कि केवल सनातनी श्रद्धालुओं को ही मंदिर में प्रवेश मिलेगा. साथ ही मोबाइल फोन, फोटो और रील बनाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

इस साल 19 अप्रैल से पवित्र चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है. बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने घोषणा की है कि यात्रा की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि चारधाम में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध रहेगा. साथ ही मंदिर परिसर में मोबाइल, कैमरा से फोटो, वीडियो या रील बनाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा.

बीकेटीसी अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिरों की गरिमा बनाए रखने के लिए ये कड़े नियम तय किए हैं. उन्होंने बताया कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं अंतिम रूप ले रही हैं.

चारधाम यात्रा में सख्त नियम

हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान वीडियो रील बनाने पर प्रतिबंध रहेगा. मंदिर परिसर के 70 मीटर के दायरे में फोन ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी. गैर-सनातनियों के प्रवेश पर सख्ती बरती जाएगी. उन्होंने कहा कि मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर ये फैसले लिए गए हैं.

अभी तक कितने पंजीकरण हुए

बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए अभी तक 11,68,644 श्रद्धालुओं का पंजीकरण हो चुका है.

बीकेटीसी वेबसाइट से पूजा बुकिंग जल्द

हेमंत द्विवेदी ने यह भी जानकारी दी कि विभागीय वेबसाइट से जल्द ही पूजा की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी. इससे श्रद्धालु घर बैठे अपनी पूजा की व्यवस्था कर सकेंगे. इस बार दर्शन व्यवस्था को और अधिक सरल व सुगम बनाने की कोशिश की जा रही है. श्रद्धालुओं के लिए विश्राम गृहों में बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं

गैर-सनातनी विवाद पर स्पष्टीकरण

इस साल चारधाम यात्रा में गैर-सनातनियों की एंट्री बैन को लेकर काफी चर्चा हुई. मामला तब गर्माया जब बीकेटीसी अध्यक्ष से बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान के बारे में सवाल किया गया. सारा अली खान कई बार केदारनाथ और रुद्रनाथ यात्रा कर चुकी हैं. हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि अगर किसी दूसरे धर्म के व्यक्ति में सनातन धर्म के प्रति सच्ची आस्था है तो उसे प्रवेश की अनुमति दी जाएगी.

चारधाम के कपाट कब खुलेंगे?

चारधाम यात्रा के कपाट अप्रैल में खुलने जा रहे हैं.  यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर खुलेंगे.  

  • केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को सुबह करीब 8 बजे खुलेंगे.  

  • बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह लगभग 6:15 बजे खुलेंगे.  

  • श्री हेमकुंड साहिब के कपाट की तारीख मई में अलग से घोषित की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो