मौसम का यू-टर्न: दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी
दिल्ली सहित कई राज्यों में मौसम सुहावना बना हुआ है. 18 से 20 मार्च तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और कई राज्यों में आंधी-बारिश से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

नई दिल्ली: मार्च के महीने में जहां आमतौर पर गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगती है, वहीं इस बार मौसम ने अचानक राहत भरा मोड़ ले लिया है. दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में चल रही ठंडी हवाओं और बदलते मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और आने वाले दिनों में बारिश के चलते मौसम और सुहावना होने वाला है.
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में 18 से 20 मार्च के बीच बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 20 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जो मौसम के थोड़ा ज्यादा सक्रिय रहने का संकेत है. इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है. हालांकि 21 और 22 मार्च को मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन बारिश के असर से तापमान सामान्य से कम ही रहेगा.
पंजाब-हरियाणा में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. फिलहाल मौसम साफ रहेगा, लेकिन 19 और 20 मार्च को यहां तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं. इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद 21 मार्च से मौसम फिर सामान्य हो सकता है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश, बर्फबारी और ओले
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे पहाड़ी इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है. जम्मू-कश्मीर में 18 से 20 मार्च के बीच गरज-चमक और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. उत्तराखंड में 16 से 22 मार्च के बीच कई इलाकों में बारिश, बर्फबारी और ओले गिरने की संभावना है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों (करीब 3300 मीटर या उससे अधिक) में हल्की बर्फबारी हो सकती है. वहीं मैदानी क्षेत्रों में बारिश और बिजली चमकने के आसार हैं. हिमाचल प्रदेश में भी 18 से 20 मार्च के बीच इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है, जिसमें गरज-चमक और ओले गिर सकते हैं.
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी असर
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी मौसम के इस बदलाव का असर साफ दिखाई देगा. उत्तर प्रदेश में 19 और 20 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. राजस्थान में 17 से 20 मार्च के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे वहां भी तापमान में गिरावट आ सकती है.
मध्य प्रदेश और बिहार में राहत के आसार
मध्य प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से 18 और 19 मार्च को कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. इनमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, रतलाम और धार जैसे इलाके शामिल हैं. इससे अचानक बढ़ी गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी. वहीं बिहार के करीब 20 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.


