कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश के आसार, IMD ने दी चेतावनी

राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. मौसम विभाग ने आज 29 मई के लिए दिल्ली में तेज आंधी और बारिश को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: भीषण गर्मी और रिकॉर्ड तोड़ पारे से झुलस रहे उत्तर और मध्य भारत के लिए आखिरकार राहत की बड़ी खबर आई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के मौसम में बड़े बदलाव का संकेत देते हुए अगले 24 घंटों के भीतर 16 राज्यों में तेज आंधी और झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है.

तापमान में भारी गिरावट

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस मौसमी बदलाव और मानसूनी हलचल के कारण अलग-अलग राज्यों में अधिकतम तापमान में 2 से लेकर 6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है. इस राहत के साथ आईएमडी ने 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले खतरनाक आंधी-तूफान को लेकर भी देशवासियों को विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी है.

अन्य राज्यों का हाल

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले कुछ ही दिनों में मानसून देश के कई अन्य हिस्सों को अपनी गिरफ्त में ले लेगा. ऐसे में लोगों को घरों से निकलते समय मौसम की स्थिति देखने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है. जिन 16 राज्यों के लिए आंधी, बिजली और बारिश का अलर्ट जारी हुआ है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, केरल और कर्नाटक शामिल हैं.

दिल्ली-एनसीआर में 'ऑरेंज अलर्ट'

राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. मौसम विभाग ने आज (29 मई) के लिए दिल्ली में तेज आंधी और बारिश को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

आंधी और बौछार 

राहत का यह सिलसिला 31 मई तक जारी रहेगा, जहां 30 और 31 मई को भी धूल भरी आंधी और बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है. इसके बाद 1 और 2 जून को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे जबकि 2 जून से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी.

यूपी-बिहार में तूफानी रफ्तार और ओलावृष्टि

उत्तर प्रदेश में आज मौसम का सबसे आक्रामक रूप देखने को मिल सकता है. पश्चिमी यूपी के कई जनपदों में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की विनाशकारी रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और भारी बारिश होने की आशंका है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 70 से 90 किमी/घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी. राज्य के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.

बिहार में मौसम का हाल

पड़ोसी राज्य बिहार की बात करें तो यहां 29 और 30 मई को आंधी-पानी का विशेष अलर्ट है. पटना समेत पश्चिम व पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय जैसे जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है.

राजस्थान और झारखंड को झुलसाती गर्मी 

राजस्थान में वर्तमान समय में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पास बना हुआ है. लेकिन आज से जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में प्री-मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी. जो 31 मई तक रुक-रुक कर चलेगी। इससे तापमान में 2 डिग्री तक की कमी आएगी, हालांकि 60-70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी भी चलेगी.

यहां भी 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

झारखंड में भी तपती धूप से बड़ी राहत मिलने वाली है. आईएमडी ने रांची समेत राज्य के 20 जिलों में 30 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. वर्तमान में यहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है, जिसमें बारिश के बाद 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की उम्मीद है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो