Weather Update: दिल्ली में बारिश का अलर्ट, बिहार-UP समेत 20 राज्यों का बिगड़ा मौसम
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. राजधानी में झमाझम बारिश के बाद अब मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं बिहार, यूपी, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले चुका है. सितंबर के अंत तक जहां दिल्ली-एनसीआर समेत कई हिस्सों में मानसून विदाई की आहट देने लगा था, वहीं अब दोबारा झमाझम बारिश ने राजधानी को तरबतर कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 8 अक्टूबर तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश होती रहेगी. इस बीच 6 अक्टूबर को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान दिल्ली का न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. अचानक हुई बारिश ने जहां लोगों को उमस से राहत दी है, वहीं कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम के बिगड़े तेवर देखने को मिलेंगे.
बिहार और गंगा के मैदानी इलाके
बिहार में 3 से 7 अक्टूबर तक लगातार बारिश का सिलसिला चल सकता है. वहीं, गंगा के मैदानी इलाकों जैसे पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में 3 अक्टूबर को भारी बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
उत्तर-पश्चिम भारत में गरज-चमक के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 4 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा, 5 से 8 अक्टूबर तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 3 और 4 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है. इसी तरह, पूर्वी मध्य प्रदेश में 3 से 4 अक्टूबर तक, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 3 से 6 अक्टूबर तक, जबकि झारखंड में 3 से 5 अक्टूबर तक लगातार बारिश होने की संभावना है.
पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बरसात
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 और 6 अक्टूबर को छोड़कर पूरे हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश होगी. वहीं, असम और मेघालय में 3 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं.
दक्षिण भारत में भारी से बहुत भारी बारिश
दक्षिण भारत में भी मौसम का मिजाज बिगड़ गया है. 3 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश में बहुत भारी बारिश (31 सेमी या उससे अधिक) दर्ज हो सकती है. इसके अलावा, 3 से 5 अक्टूबर तक तमिलनाडु और 3 अक्टूबर को कर्नाटक में भी भारी बारिश की संभावना है. वहीं, तेलंगाना में अगले पांच दिन तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
पहाड़ी राज्यों में भारी बरसात और ओलावृष्टि की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में 5 से 7 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है. वहीं, 6 अक्टूबर को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 5 और 6 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में ओलावृष्टि होने के आसार हैं.
गुजरात के तटीय इलाकों में भी बरसात
3 अक्टूबर को सौराष्ट्र और कच्छ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
आने वाले दिनों में देश के लगभग सभी हिस्सों में मौसम का मिजाज असामान्य बना रहेगा. दिल्ली से लेकर दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर से लेकर पहाड़ी राज्यों तक, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.


