राघव चड्ढा की जगह लेने वाले अशोक मित्तल कौन हैं? इतने करोड़ों की संपत्ति के हैं मालिक

आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटा दिया है. उनकी वजह अब अशोक कुमार मित्तल लेने जा रहे हैं. आइए जानते हैं कौन अशोक कुमार मित्तल और इनके पास कुल कितनी संपत्ति है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) में बड़ा बदलाव हुआ है. राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की जगह अब डॉ. अशोक कुमार मित्तल लेने जा रहे हैं. पार्टी ने चड्ढा को उपनेता पद से हटाने का फैसला लिया है और राज्यसभा सचिवालय को इसकी आधिकारिक सूचना भी दे दी गई है. साथ ही उनके संसद में बोलने पर रोक लगाने की मांग भी की गई है. इस फैसले के बाद डॉ. अशोक मित्तल का नाम सुर्खियों में है.

अशोक मित्तल का जन्म और शुरुआती जीवन

डॉ. अशोक कुमार मित्तल का जन्म 10 सितंबर 1964 को पंजाब के जलंधर शहर में हुआ था. उन्होंने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से कानून (वकालत) की पढ़ाई पूरी की. पढ़ाई के बाद वे कारोबार की दुनिया में आए और सफल उद्यमी बन गए. 

शिक्षा क्षेत्र में बड़ा योगदान

अशोक मित्तल को पूरे देश में सबसे ज्यादा पहचान लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के संस्थापक कुलाधिपति के रूप में मिली है. पंजाब की इस यूनिवर्सिटी को उन्होंने बेहद छोटे स्तर से शुरू किया था, जो आज देश की बड़ी प्राइवेट यूनिवर्सिटीज में शुमार है. हजारों छात्र-छात्राएं यहां पढ़ रहे है. शिक्षा क्षेत्र में उनके काम को सराहा जाता है.

अशोक मित्तल का राजनीतिक सफर

अशोक मित्तल अप्रैल 2022 में पहली बार राज्यसभा के लिए चुने गए थे. संसद में वे सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. उन्होंने विदेश मामलों की समिति, वित्तीय समिति और रक्षा समिति जैसी महत्वपूर्ण संसदीय समितियों में सदस्य के रूप में काम किया है. वे शिक्षा और युवा विकास से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी राय रखते रहे हैं.

कई बड़े पुरस्कार मिले 

अशोक मित्तल को उनके काम के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं. इनमें इंडियन रेड क्रॉस अवार्ड, पंजाब गौरव अवार्ड, शिक्षा रतन अवार्ड और नेशनल एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड शामिल है. इन पुरस्कारों से साबित होता है कि वे समाज और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार योगदान दे रहे हैं.

अशोक मित्तल की कितनी है संपत्ति?

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के आंकड़ों के मुताबिक, डॉ. अशोक कुमार मित्तल के पास 91 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है. वे एक सफल कारोबारी होने के साथ-साथ शिक्षा क्षेत्र के बड़े खिलाड़ी भी हैं. उनकी संपत्ति मुख्य रूप से व्यवसाय और यूनिवर्सिटी से जुड़े कार्यों से आई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो