भीषण तूफान के कारण अमेरिका में 10,000 उड़ानें रद्द, लाखों घरों की बिजली गुल
अमेरिका के उत्तरपूर्वी हिस्से में आए भीषण शीतकालीन तूफान से भारी बर्फबारी और तेज हवाओं ने जनजीवन ठप कर दिया. 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं, लाखों घरों की बिजली गुल हो गई और कई राज्यों में आपातकालीन कदम उठाए गए.

न्यूयॉर्क: अमेरिका के उत्तरपूर्वी हिस्से में आए एक भीषण शीतकालीन तूफान ने पूरे इलाके की रफ्तार थाम दी. देखते ही देखते शहर सफेद बर्फ की मोटी परत से ढक गए, सड़कें सुनसान हो गईं और लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए. तेज हवाओं और लगातार हो रही बर्फबारी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया. हालात ऐसे बन गए कि यात्रा करना लगभग असंभव हो गया. तूफान का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा.
फ्लाइट ट्रैकिंग सेवा फ्लाइटअवेयर के अनुसार, शनिवार से मंगलवार के बीच 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं. सिर्फ सोमवार को ही 5,000 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं, जबकि मंगलवार के लिए भी 1,300 से अधिक उड़ानें पहले ही रद्द कर दी गईं. एयरलाइंस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमानों को पहले ही ग्राउंड कर दिया था. न्यूयॉर्क के जेएफके और लागुआर्डिया, बोस्टन के लोगान और नेवार्क के लिबर्टी जैसे प्रमुख हवाई अड्डे सबसे अधिक प्रभावित रहे. आम दिनों में भीड़ से भरे रहने वाले टर्मिनल लगभग खाली नजर आए.
सड़क और रेल सेवाएं ठप
केवल हवाई यात्रा ही नहीं, बल्कि बस और रेल सेवाएं भी कई राज्यों में बंद रहीं. न्यूयॉर्क शहर ने दोपहर तक गैर-जरूरी यात्रा पर रोक लगा दी. न्यूयॉर्क राज्य, न्यू जर्सी और रोड आइलैंड के कई हिस्सों में भी इसी तरह के आदेश जारी किए गए. न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने लोगों से अपील की कि वे घरों में ही रहें और अनावश्यक बाहर न निकलें. बर्फ हटाने वाली टीमें लगातार काम करती रहीं, लेकिन तेज हवाओं के कारण हालात संभालना मुश्किल रहा.
रिकॉर्ड बर्फबारी और तेज हवाएं
न्यूयॉर्क शहर के सेंट्रल पार्क में 15 इंच से अधिक बर्फ दर्ज की गई. लॉन्ग आइलैंड और न्यू जर्सी के कुछ इलाकों में दो फीट तक बर्फ गिरी. फिलाडेल्फिया में करीब एक फीट बर्फबारी हुई, जबकि बोस्टन में देर शाम तक बर्फ गिरती रही. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह तूफान बर्फीले तूफान की श्रेणी में आता है. डेलावेयर से मैसाचुसेट्स तक 35 मील प्रति घंटे से अधिक की लगातार हवाएं चलीं, जबकि झोंके 40 से 60 मील प्रति घंटे तक पहुंचे. तटीय क्षेत्रों, खासकर पूर्वी लॉन्ग आइलैंड और नानटकेट में हवाओं की रफ्तार और भी तेज रही, जिससे कई फीट ऊंचे बर्फ के ढेर बन गए.
यात्रा की स्थिति बेहद खराब
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने चेतावनी दी कि इंटरस्टेट 95 कॉरिडोर के कई हिस्सों में यात्रा करना लगभग नामुमकिन था. कई स्थानों पर दुर्घटनाएं हुईं और वाहन घंटों तक फंसे रहे. कम दृश्यता और फिसलन भरी सड़कों ने स्थिति को और खतरनाक बना दिया.
बिजली आपूर्ति पर असर
तूफान के चलते पूर्वी तट पर 5 लाख 70 हजार से अधिक घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की बिजली गुल हो गई. मैसाचुसेट्स और न्यू जर्सी सबसे ज्यादा प्रभावित रहे. बिजली कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में सेवा बहाल करने के लिए लगातार काम करते रहे.
आपातकालीन कदम और बंद संस्थान
स्थिति को देखते हुए कई राज्यों ने आपातकालीन कदम उठाए. न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में सहायता के लिए नेशनल गार्ड तैनात किए. मैसाचुसेट्स में आपातकाल घोषित कर गैर-जरूरी कर्मचारियों को घर पर रहने का निर्देश दिया गया. तूफान की गंभीरता को देखते हुए न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय को भी दिनभर के लिए बंद कर दिया गया.


