नई दिल्ली: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में स्थित ऐतिहासिक 'नेशनल मॉल' परिसर इन दिनों एक रहस्यमयी संख्या को लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में है. वर्ल्ड वॉर स्मारक के पास स्थित हरी-भरी घास के मैदान पर एक विशालकाय '8647' नंबर उकेरा हुआ दिखाई दिया है. आसमान से और पास की ऊंचाइयों से यह संख्या बिल्कुल स्पष्ट नजर आ रही है. इस घटना के सामने आते ही अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों और सरकार में हड़कंप मच गया है. अमेरिकी आंतरिक मामलों के विभाग और अमेरिकी पार्क पुलिस ने इस संदिग्ध गतिविधि को बेहद गंभीरता से लेते हुए इसकी उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है.
घास के रंग में बदलाव से बनी आकृति
इस रहस्यमयी आकृति को सबसे पहले रॉयटर्स के एक खोजी फोटोग्राफर ने वाशिंगटन स्मारक के शीर्ष से देखा था. पार्क परिसर की घास का एक बड़ा हिस्सा भूरा हो चुका था, जिसने आसपास की हरी घास के बीच '8647' की आकृति ले ली थी. जमीनी स्तर से देखने पर यह संख्या आसानी से समझ नहीं आ रही थी.
नंबर का रहस्य
एरियल व्यू में आठ, छह और सात के अंक साफ दिख रहे हैं. जबकि चार का अंक थोड़ा धुंधला है. पार्क पुलिस के साथ-साथ नेशनल गार्ड के जवान भी तुरंत मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच के लिए वहां की मिट्टी और प्रभावित घास के सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए हैं ताकि पता चल सके कि क्या यहाँ किसी केमिकल का इस्तेमाल किया गया था.
क्या है '8647' का असली राजनीतिक खेल?
यह केवल कोई सामान्य शरारत नहीं है, बल्कि अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ एक सोची-समझी राजनीतिक सांकेतिक भाषा मानी जा रही है. अमेरिकी राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर ट्रंप के धुर विरोधियों द्वारा इस कोड वर्ड का इस्तेमाल लंबे समय से किया जा रहा है. इस संख्या का गणित काफी दिलचस्प है.
डोनाल्ड ट्रंप से है संबंध
अमेरिकी स्लैंग में 86 शब्द का उपयोग किसी बदतमीजी करने वाले ग्राहक को 'बाहर निकाल देने', 'हटा देने' या 'रिजेक्ट करने' के संदर्भ में किया जाता है. वहीं, 47 का सीधा संबंध डोनाल्ड ट्रंप से है, क्योंकि वह अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति नहीं हैं. इस प्रकार, इन दोनों को मिलाकर बने '8647' का सीधा और स्पष्ट अर्थ निकाला जा रहा है, 47वें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हटाओ.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
अमेरिकी आंतरिक मामलों के विभाग का कहना है कि राष्ट्रपति के खिलाफ किसी भी संभावित धमकी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जहां ट्रंप समर्थक और सुरक्षा एजेंसियां इसे सीधे तौर पर राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए एक आक्रामक खतरा या हिंसा भड़काने की कोशिश के रूप में देख रही हैं, वहीं विरोध प्रदर्शन करने वाले कुछ संगठन इसे केवल अभिव्यक्ति की आजादी और राजनीतिक विरोध का हिस्सा बता रहे हैं.
क्यों खड़ा हुआ विवाद
यह पहली बार नहीं है जब '8647' ने विवाद खड़ा किया है. इससे पहले पूर्व एफबीआई निदेशक जेम्स कॉमी ने भी समुद्र तट पर सीपियों की मदद से "8647" लिखकर इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट की थी. जिस पर स्वयं डोनाल्ड ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी. फिलहाल पुलिस पास लगे अर्थकैम और अन्य वेबकैम के फुटेज खंगाल रही है ताकि इस आकृति को बनाने वाले चेहरों को बेनकाब किया जा सके. First Updated : Friday, 12 June 2026