जंग हमने शुरू नहीं की, लेकिन खत्म हम करेंगे...मीडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी रक्षा सचिव का बड़ा बयान

मीडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि यह जंग हमने शुरू नहीं की, लेकिन हम इसे खत्म करेंगे. उन्होंने कहा,' जो सरकार अमेरिका और इजरायल की मौत का नारा लगा रहे थे, उसे अमेरिका और इजरायल ने मौत का तोहफा दिया है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली : मध्य पूर्व में जारी खूनी संघर्ष के बीच अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ का एक बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि अमेरिका इस युद्ध को अपनी शर्तों पर समाप्त करने के लिए तैयार है. हेगसेथ ने कहा कि जो सरकार 'अमेरिका की मौत' का नारा लगाती थी. उसे अब उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जा रहा है. यह बयान ऐसे वक्त आया है जब ईरान और इजरायल के बीच सैन्य तनाव अपने सबसे खतरनाक और नाजुक मोड़ पर पहुँच चुका है.

जीत के लिए अमेरिकी प्रतिज्ञा

बता दें कि हेगसेथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि अमेरिकी सेना अब किसी देश में लोकतंत्र स्थापित करने का पुराना प्रयास नहीं करेगी. उनका कहना है कि वे किसी राजनीतिक दलदल में फंसने के बजाय केवल विजय हासिल करने पर ध्यान देंगे. हेगसेथ के अनुसार. अब कोई राजनीतिक शिष्टाचार नहीं निभाया जाएगा. बल्कि पूरी सैन्य शक्ति से प्रहार किया जाएगा. अमेरिका अब अपना कीमती वक्त और सैनिकों की जान किसी बेकार के प्रयोग में बर्बाद नहीं करना चाहता. उनका लक्ष्य केवल पूर्ण विजय है.

ईरान के सैन्य बुनियादी ढांचे पर हमला

ईरान की सैन्य क्षमता पर प्रहार करते हुए हेगसेथ ने कहा कि उनकी मिसाइल इकाइयों और नौसेना को पूरी तरह मलबे में तब्दील कर दिया जाएगा. उनके मुताबिक. अमेरिका के सर्जिकल हमले इतने प्रभावी हैं कि ईरान को संभलने का अवसर भी नहीं मिलेगा. हेगसेथ का दावा है कि अमेरिका की युद्धक क्षमताएं लगातार मजबूत हो रही हैं. जिससे यह सुनिश्चित होगा कि ईरान कभी भी परमाणु बम बनाने का अपना सपना पूरा नहीं कर पाएगा. अमेरिका बिना किसी माफी के ईरान पर हमले जारी रखेगा.

झूठ बोलकर परमाणु हथियार बनाने की कोशिश की 

सुरक्षा को लेकर हेगसेथ ने कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में अगर अमेरिकियों को धमकी दी गई. तो अमेरिका दोषियों को खत्म कर देगा. ओबामा प्रशासन की पुरानी डील को 'भयानक' बताते हुए उन्होंने कहा कि ईरान ने झूठ बोलकर परमाणु हथियार विकसित करने की कोशिश की थी. हेगसेथ का मानना है कि पूर्ववर्ती सरकारों की नरमी ने ईरान को मौका दिया था. लेकिन वर्तमान राष्ट्रपति की कड़ी निगरानी में अब ईरान के लिए अपनी घातक योजनाओं को अंजाम देना बिल्कुल असंभव होगा.

तेहरान के एकतरफा युद्ध का अंत

हेगसेथ ने तेहरान की सरकार पर पिछले 47 वर्षों से अमेरिका के खिलाफ गुप्त जंग छेड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बेरूत के धमाकों से लेकर इराक में हुए हमलों तक. हर जगह ईरानी कुद्स फोर्स का हाथ रहा है. तेहरान ने हमेशा छद्म युद्ध के जरिए अमेरिकी सैनिकों का खून बहाया है. हेगसेथ का मानना है कि अब समय आ गया है कि इस एकतरफा हिंसा और विस्तारवादी सोच को हमेशा के लिए खत्म कर भविष्य की वैश्विक शांति और स्थिरता को सुनिश्चित किया जाए.

ट्रंप के साहसी नेतृत्व की प्रशंसा

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि ईरान जैसी कट्टरपंथी ताकतों को नियंत्रित करने के लिए जिस अदम्य साहस की जरूरत है. वह केवल ट्रंप में है. हेगसेथ के अनुसार. ट्रंप अपनी नीतियों में बहुत सुसंगत रहे हैं और उन्होंने झुकने से पूरी तरह इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि ईरान के 'इस्लामी भ्रम' को केवल एक सशक्त अमेरिकी नेतृत्व ही तोड़ सकता है. यह युद्ध अब केवल अमेरिका के गौरव और सम्मान की बहाली के लिए है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag