‘ उड़ता पंजाब’ से ‘रंगला पंजाब’, पंजाब नशों के विरुद्ध दुनिया की सबसे योजनाबद्ध जंग लड़ रहा है: बलतेज पन्नू
मान सरकार की नशा विरोधी मुहिम के एक साल में 36 हजार एफआईआर, 51 हजार गिरफ्तारियां और 16.70 करोड़ की ड्रग मनी बरामद. पंजाब ने देश में सबसे बड़ी ड्रग्स रिकवरी की. जन भागीदारी और रिहैबिलिटेशन से मुहिम को ऐतिहासिक सफलता मिली है.

पंजाब : आम आदमी पार्टी के पंजाब मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मान सरकार की 'युद्ध नशेआं विरुद्ध मुहिम' के एक साल पूरे होने पर इसे विश्व स्तर पर अनोखा जन आंदोलन बताया है. उन्होंने कहा कि पंजाब ने नशे के खिलाफ योजनाबद्ध, बहुस्तरीय और जन भागीदारी वाली लड़ाई लड़ी है, जिसकी कोई दूसरी मिसाल नहीं है. आधिकारिक आंकड़ों के साथ पन्नू ने दावा किया कि सप्लाई चेन टूट चुकी है और तस्कर राज्य छोड़कर भाग रहे हैं. यह मुहिम न सिर्फ गिरफ्तारियां कर रही है बल्कि नशा छुड़ाने वालों को सम्मानजनक जीवन भी दे रही है.
मुहिम को ऐतिहासिक जन आंदोलन बताया
बलतेज पन्नू ने कहा कि नशा एक वैश्विक समस्या है लेकिन पंजाब ने इसे संगठित मिशन में बदला है. मेक्सिको, कनाडा और भारत के अन्य राज्यों से अलग पंजाब की लड़ाई योजनाबद्ध और नतीजों वाली है. मुहिम को जनता की भागीदारी से मजबूती मिली है और यह अब सिर्फ पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जंग बन गई है.
एक साल में बड़ी कार्रवाई
पन्नू ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि एक साल में 36,178 एफआईआर दर्ज हुईं और 51,648 लोग गिरफ्तार हुए. 16.70 करोड़ रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई. हेरोइन 2,276 किलोग्राम, पोस्त 29,299 किलोग्राम, अफीम 686 किलोग्राम सहित हजारों किलोग्राम ड्रग्स बरामद हुए. पंजाब ने देश में सबसे ज्यादा जब्ती का रिकॉर्ड बनाया है.
पांच जोन और ग्राम रक्षक कमेटियां
मुहिम के लिए पंजाब को पांच जोन में बांटा गया और जिला-हलका स्तर पर संरचना खड़ी की गई. पूरे राज्य में विलेज डिफेंस कमेटियां बनीं. ग्राम रक्षक कमेटी के सदस्यों को सुरक्षित ऐप दिया गया जिससे वे नशा तस्करों की रिपोर्ट सीधे पुलिस मुख्यालय को कर सकते हैं. 48 घंटे में कार्रवाई अनिवार्य है. 2,000 से ज्यादा शिकायतों पर एफआईआर हुईं.
नशा छुड़ाऊ केंद्रों में क्रांतिकारी बदलाव
पिछली सरकारों में नशा मुक्ति केंद्र जेल जैसे थे लेकिन अब इन्हें साफ-सुथरा और सहयोगी बनाया गया है. प्लंबिंग, इलेक्ट्रिकल, फास्ट फूड जैसे ट्रेड में स्किल ट्रेनिंग शुरू की गई. आईटीआई प्रशिक्षक और निजी कंपनियां रिहैबिलिटेशन और रोजगार में मदद कर रही हैं ताकि लोग सम्मान से समाज में लौट सकें.
पिछली सरकारों पर सख्त हमला
पन्नू ने 2007-2017 की अकाली-भाजपा और 2017-2022 की कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण से नशा माफिया मजबूत हुआ. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बड़े वादे किए लेकिन कुछ नहीं किया. मान सरकार ने इच्छाशक्ति दिखाई, सप्लाई लाइनें तोड़ीं और तस्करों के घर बंद हो गए. पंजाब अब रंगला बनेगा, उड़ता नहीं रहेगा.


