पाक-अफगान सीमा पर फिर भड़की हिंसा, कई सैनिक घायल
पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर सीजफायर टूटते ही फिर हिंसा भड़क उठी. गोलीबारी में दो निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई और कई घायल हुए. दोनों देश एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं. इसी बीच TTP ने पाकिस्तान में हमले तेज करने का ऐलान कर दिया, जिससे तनाव और बढ़ गया.
Pakistan Afghanistan War: ईद-उल-फितर के दौरान घोषित अस्थायी युद्धविराम खत्म होते ही अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पूर्वी सीमा पर एक बार फिर भीषण गोलाबारी शुरू हो गई है. बुधवार को हुए इस संघर्ष में कम से कम दो आम नागरिकों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गए. अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के सूचना विभाग निदेशक जियाउर रहमान स्पीनघर ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने ‘नारई’ और ‘सरकानो’ जिलों में दर्जनों आर्टिलरी गोले दागे. अफगान सीमा सुरक्षा बलों ने भी तुरंत पलटवार किया और तालिबान अधिकारियों के दावे के अनुसार तीन पाकिस्तानी सैन्य चौकियों को नष्ट कर दिया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई.
हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है. पाकिस्तान की सेना की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. यह हिंसा सऊदी अरब, तुर्की और कतर की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम समझौते के ठीक एक सप्ताह बाद हुई है. प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने भी ईद के बाद अपने हमलों को फिर से शुरू करने की घोषणा कर दी है.


