'अभी शुरू भी नहीं किया' पुल के बाद अब बिजली संयंत्रों पर हमला, ट्रंप ने ईरान को दी एक और चेतावनी

राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर से सख्त चेतावनी दी है. उनका कहना है कि अमेरिकी सेना ने अभी ईरान में बचे हुए लक्ष्यों को नष्ट करना शुरू भी नहीं किया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर से सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने अभी ईरान में बचे हुए लक्ष्यों को नष्ट करना शुरू भी नहीं किया है. ईरान के सबसे बड़े पुल पर हमले के कुछ घंटों बाद ट्रंप ने यह बयान दिया.

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “हमारी सेना दुनिया की सबसे ताकतवर है. उसने ईरान में बचे हुए को नष्ट करना अभी शुरू भी नहीं किया है. अगले निशाने पुल हैं, फिर बिजली संयंत्र.” पुल के बाद बिजली घरों पर हमलाट्रंप ने साफ कहा कि ईरान के नए नेतृत्व को जल्द से जल्द समझौता करना चाहिए. 

उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में ईरान के ज्यादातर बड़े सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाया जा चुका है. ट्रंप का कहना है कि ईरान को तेजी से समझौता करना होगा, वरना और ज्यादा नुकसान होगा.

ईरान के B1 पुल पर हमला

यह चेतावनी तब आई जब अमेरिका-इजराइल के हमलों में तेहरान के पास करज इलाके में स्थित B1 पुल को निशाना बनाया गया. यह पुल पश्चिम एशिया का सबसे ऊंचा और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट माना जाता था. हमले के बाद पुल के बड़े हिस्से ढह गए. 

ईरानी मीडिया के अनुसार, इस हमले में कम से कम 8 नागरिक मारे गए और 95 लोग घायल हो गए. हमला तब हुआ जब कई परिवार प्रकृति दिवस (Nature Day) मनाने के लिए वहां मौजूद थे. स्थानीय गांव के निवासी और यात्री भी प्रभावित हुए.

ट्रंप ने पुल गिरने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “ईरान का सबसे बड़ा पुल हमेशा के लिए गिर गया. और भी बहुत कुछ आने वाला है. समझौता कर लो, वरना कुछ नहीं बचेगा.”

युद्ध में बढ़ती तनाव

ट्रंप ने ईरान के नए शासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्दी डील नहीं हुई तो देश को और भारी नुकसान उठाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि ईरान अभी भी एक महान देश बन सकता है, लेकिन इसके लिए तेजी से फैसला लेना होगा. यह हमला अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को और बढ़ा रहा है. 

ट्रंप लगातार कह रहे हैं कि ईरान को समझौते के लिए तैयार होना चाहिए, वरना अमेरिकी सेना और हमले तेज कर देगी. ट्रंप का यह ताजा बयान युद्ध को और तेज करने का संकेत दे रहा है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि ईरान इस चेतावनी पर क्या जवाब देता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो