ईरान के नेता से मिलने को तैयार राष्ट्रपति ट्रंप! बोले- मौका मिला तो होगी ऐतिहासिक मुलाकात
ट्रंप ने कहा है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होता है, तो वह ईरान के नेता मोजतबा खामेनेई से मिलने के लिए तैयार हैं. साथ ही उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख्त रुख दिखाते हुए कहा कि अमेरिका उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है.

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने कहा कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत सफल होती है, तो वह ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई से मिलने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी मुलाकात उनके लिए सम्मान की बात होगी.
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि फिलहाल उनकी मुलाकात की कोई योजना नहीं है, लेकिन यदि दोनों देशों के बीच समझौता होता है तो भविष्य में मुलाकात संभव है.
सम्मान के साथ करेंगे बातचीत
ट्रंप ने कहा कि यदि वह ईरानी नेता से मिलते हैं तो पूरी गरिमा और सम्मान के साथ बात करेंगे. उन्होंने मोजतबा खामेनेई को “पेशेवर नेता” बताते हुए कहा कि कुछ लोग उनके बारे में अच्छा बोलते हैं तो कुछ आलोचना भी करते हैं.
ट्रंप ने हल्के अंदाज में कहा कि लोग उनके बारे में भी कई बातें कहते हैं, लेकिन वह सब सही नहीं होतीं। उनके इस बयान को अमेरिका और ईरान के बीच नरम पड़ते रिश्तों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
परमाणु कार्यक्रम पर जारी तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच सबसे बड़ा मुद्दा ईरान का परमाणु कार्यक्रम बना हुआ है. ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका चाहे तो ईरान के संवर्धित यूरेनियम भंडार को अपने कब्जे में ले सकता है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल ऐसा करने की जरूरत नहीं है.
ट्रंप के मुताबिक अमेरिका लगातार ईरान की परमाणु गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है. उन्होंने दावा किया कि ईरान का संवर्धित यूरेनियम सुरक्षित जगहों पर रखा गया है और अमेरिकी एजेंसियां कैमरों के जरिए उसकी निगरानी कर रही हैं.
कड़ा रुख और कूटनीति साथ-साथ
ट्रंप के बयान से साफ है कि वह एक तरफ ईरान के साथ बातचीत और समझौते की संभावना बनाए रखना चाहते हैं, वहीं दूसरी ओर परमाणु मुद्दे पर सख्त रुख भी दिखा रहे हैं. आने वाले समय में अमेरिका और ईरान के रिश्तों में नया मोड़ देखने को मिल सकता है, खासकर यदि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत आगे बढ़ती है.


