ईरान के साथ इस्लामाबाद वार्ता में खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप होंगे शामिल, पहले पाकिस्तान पहुंचेंगे उपराष्ट्रपति

ईरान के साथ इस्लामाबाद में होने वाली शांति वार्ता में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद शामिल हो सकते हैं. हालांकि अभी तक यह साफ़ नहीं हुआ है कि वे आमने-सामने वार्ता करेंगे या ऑनलाइन तरीके से इस वार्ता का हिस्सा बनेंगे.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस हफ्ते पाकिस्तान के इस्लामाबाद में ईरान के साथ होने वाली आमने-सामने की शांति वार्ता में शामिल हो सकते हैं. रॉयटर्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर कोई डील होती है तो ट्रंप या तो खुद वहां जाएंगे या वर्चुअल तरीके से जुड़ेंगे. पाकिस्तानी सूत्रों ने बताया कि बाते तेजी से आगे बढ़ रही है और वार्ता कल यानी बुधवार को होने वाली है.

दो हफ्ते का सीजफायर होने वाला है खत्म 

अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते का सीजफायर बुधवार को खत्म हो रहा है. ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि इसे बढ़ाने की बहुत कम संभावना है. इसके बावजूद दोनों तरफ से वार्ता को लेकर उम्मीद जताई जा रही है.

वार्ता में आने का सोच रहा ईरान 

पिछले हफ्ते अमेरिका ने हार्मुज जलडमरूमध्य के पास एक ईरानी जहाज जब्त कर लिया था, जिसके बाद ईरान ने वार्ता में न आने की धमकी दी थी. फिर भी रॉयटर्स ने एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी के हवाले से बताया कि तेहरान अब वार्ता में आने पर सकारात्मक सोच रहा है. हालांकि अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. अमेरिका को भी पूरा भरोसा है कि पाकिस्तान में वार्ता होकर रहेगी.

ट्रंप की सख्त शर्तें और ईरान की मांग 

ट्रंप चाहते हैं कि कोई भी समझौता तेल की कीमतों और शेयर बाजार को और झटका न लगने दे. साथ ही उन्होंने साफ कहा है कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने का कोई रास्ता नहीं मिलना चाहिए। अगर ईरान उनकी शर्तें मानने से इनकार करेगा तो अमेरिका ईरान के हर पुल और बिजलीघर को तबाह कर देगा.  

ईरान की तरफ से कहा गया है कि वह हार्मुज जलडमरूमध्य पर अपने नियंत्रण का फायदा उठाकर ऐसे समझौते की कोशिश कर रहा है जिसमें युद्ध न दोबारा शुरू हो, प्रतिबंध हल्के हों, लेकिन उसका परमाणु कार्यक्रम रुके नहीं. अगर अमेरिका उसके नागरिक ठिकानों पर हमला करता है तो ईरान अपने खाड़ी पड़ोसियों के पावर स्टेशन और डेसालिनेशन प्लांट पर हमला करेगा.

JD वेंस पहुंच रहे पाकिस्तान 

पाकिस्तान दोनों देशों के बीच मुख्य मध्यस्थ बनकर उभरा है. भले ही वार्ता तय न हो, पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में पूरी तैयारी कर ली है. वहां करीब 20,000 सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मंगलवार को ईरान वार्ता के लिए पाकिस्तान पहुंच रहे हैं. 

दोनों तरफ से उम्मीद भले ही दिख रही हो, लेकिन सीजफायर खत्म होने के साथ ही बड़ी अनिश्चितता बनी हुई है वार्ता सफल होती है या नहीं, यह अगले 24 घंटे में साफ हो जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो