'भगवान ने उन्हें बचाया' ईरान ने मोजतबा खामेनेई की सेहत पर अमेरिका के दावों को बताया झूठ

लगातार अमेरिका-इजरायल ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई को लेकर बयान दे रहे थे, जिसके बाद ईरानी अधिकारी ने उनके बयान को ‘दुश्मन की चाल’ बताया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर अमेरिका के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. ईरानी अधिकारियों ने इसे ‘दुश्मन की चाल’ बताया और कहा कि मोजतबा खामेनेई पूरी तरह स्वस्थ हैं और देश के मामलों की सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे हैं.

ईरान का सख्त जवाब

ईरान के सर्वोच्च नेता कार्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के डिप्टी और एक्सपर्ट असेंबली के सदस्य आयतुल्लाह मोहसिन कोमी ने कहा कि मोजतबा खामेनेई की सेहत पर उठाए जा रहे सवाल दुश्मन की रणनीति का हिस्सा हैं.

कोमी ने फार्स न्यूज एजेंसी को दिए बयान में कहा, “कुछ लोग पूछते हैं कि नेता जी कहां हैं? वे ऑडियो या वीडियो मैसेज क्यों नहीं दे रहे? यह दुश्मन की चाल है. वे हमें प्रतिक्रिया देने के लिए उकसाना चाहते हैं ताकि अपने मकसद हासिल कर सकें।”

बम विस्फोट में बच गए मोहतबा

कोमी ने स्वीकार किया कि 28 फरवरी को हुए हमले में मोजतबा खामेनेई उस इमारत में मौजूद थे, विस्फोट हुआ और कई लोग शहीद हो गए. उन्होंने कहा, “विस्फोट से कुछ मिनट पहले ही अल्लाह की मर्जी से वे आंगन में चले गए थे. भगवान चाहते थे कि उन्हें बचाया जाए.”

कोमी ने जोर देकर कहा कि वर्तमान में मोजतबा खामेनेई पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं और वे बातचीत तथा फील्ड ऑपरेशंस की निगरानी सीधे तौर पर कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने नेगोशिएटिंग टीम को विभिन्न परिस्थितियों में क्या कदम उठाने हैं, इसके बारे में स्पष्ट निर्देश भी दिए हैं.

अमेरिकी दावों पर विवाद

अमेरिकी मीडिया, खासकर न्यूयॉर्क टाइम्स ने रिपोर्ट दी थी कि हमले में मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हुए हैं. रिपोर्ट में दावा किया गया कि उनके हाथ की सर्जरी हुई, चेहरे पर गंभीर जलन हुई और एक पैर के लिए प्रोस्थेटिक (कृत्रिम अंग) की जरूरत पड़ सकती है. ईरानी अधिकारी इन रिपोर्टों को पूरी तरह बेबुनियाद बता रहे हैं. 

कोमी ने कहा कि फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण काम सर्वोच्च नेता की जान की सुरक्षा है, जिन्हें वे “धरती पर अल्लाह का प्रमाण” मानते हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि चोटों के बावजूद अल्लाह ने उन्हें शिया समुदाय के लिए एक खजाने की तरह सुरक्षित रखा है.

अब तक क्या क्या हुआ?

बता दें कि फरवरी 2026 में अमेरिका-इजराइल के हमलों में ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनी की मौत हो गई थी. इसके बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता नियुक्त किया गया.

उस हमले में मोजतबा खामेनेईभी घायल हुए थे, लेकिन ईरान अब दावा कर रहा है कि वे पूरी तरह ठीक हैं और सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. ईरान के इस बयान से दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण स्थिति और स्पष्ट हो गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो