कोमा में हैं मोजतबा खामेनेई? पवित्र शहर कोम में चल रहा सीक्रेट इलाज, अमेरिका-इजरायल का बड़ा दावा
अमेरिका के खिलाफ जारी युद्ध के बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, खामेनेई गंभीर हालत में है, कोम में उनका इलाज चल रहा है.

नई दिल्ली: अमेरिका और इजरायल की खुफिया एजेंसियों के एक आकलन में दावा किया गया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई बेहोश हैं. रिपोर्ट के अनुसार, वे फिलहाल देश के किसी भी फैसले लेने में सक्षम नहीं हैं. 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई का ईरान के पवित्र शहर कोम में गंभीर चिकित्सकीय स्थिति के लिए इलाज चल रहा है.
पिता की मौत के बाद सत्ता संभाली
मोजतबा खामेनेई इस पद पर तब आए जब 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों में उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की जान चली गई. सुप्रीम लीडर बनने के बाद वे सार्वजनिक रूप से कहीं नहीं दिखे है. कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि हमले में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे.
खुफिया मेमो में बताई गई स्थिति
अमेरिका-इजरायल का यह खुफिया आकलन खाड़ी देशों के सहयोगियों के साथ साझा किया गया है. मेमो में साफ लिखा है कि मोजतबा खामेनेई कोम में गंभीर हालत में इलाज करा रहे हैं और शासन से जुड़े किसी भी निर्णय की प्रक्रिया में शामिल होने में असमर्थ हैं.
ईरान सरकार ने पहले दावा किया था कि हमले में उनके पैर में हल्की चोट लगी थी, लेकिन उसके बाद उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई.
स्थान का खुलासा, सुरक्षा को खतरा?
इस रिपोर्ट में सबसे ध्यान देने वाली बात मोजतबा खामेनेई का लोकेशन बताना है. इससे आशंका जताई जा रही है कि वे आगे के हमलों में निशाना बन सकते हैं. कोम को ईरान की धार्मिक राजधानी माना जाता है. खुफिया एजेंसियों का कहना है कि अली खामेनेई का शव भी वहीं रखा हुआ है और उसकी दफन की तैयारी चल रही है.
मकबरे की तैयारी और सत्ता का संकट
मेमो में यह भी उल्लेख है कि कोम में एक बड़ा मकबरा बनाने का काम हो रहा है, जिसमें एक से ज्यादा कब्रों की जगह बनाई जा रही है. इससे लगता है कि परिवार के अन्य सदस्यों को भी वहीं दफनाया जा सकता है. अली खामेनेई का राजकीय अंतिम संस्कार पहले ही टाल दिया गया था, क्योंकि बड़ी भीड़ जुटने की आशंका थी.
सुप्रीम लीडर बनने के बाद मोजतबा खामेनेई के नाम से दो बयान जारी हुए, लेकिन दोनों को सरकारी टीवी पर एंकरों ने पढ़कर सुनाया. अभी यह स्पष्ट नही है कि वे हमले के पहले दिन से ही बेहोश हैं या बाद में उनकी हालत बिगड़ी. यह पहली बार है जब सुप्रीम लीडर बनने के बाद उनकी मौजूदगी की जगह सार्वजनिक रूप से बताई गई है.


