मणिपुर: उग्रवादियों ने एक घर में फेका बम; धमाके में दो मासूमों की दर्दनाक मौत, मां घायल
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध उग्रवादियों के बम हमले में दो छोटे बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हुई. घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है और सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है.

मणिपुर से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक शांत रात अचानक मातम में बदल गई, जब एक घर पर हुए बम हमले ने दो मासूम बच्चों की जान ले ली. इस घटना ने न केवल परिवार को तबाह किया, बल्कि इलाके में डर और तनाव को भी बढ़ा दिया है.
यह घटना मंगलवार देर रात करीब एक बजे बिष्णुपुर जिले के मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाके में हुई. बताया जा रहा है कि संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने एक आम नागरिक के घर को निशाना बनाते हुए बम फेंका. उस समय घर के अंदर एक मां अपने दो छोटे बच्चों के साथ सो रही थी. अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरा घर दहल उठा.
मासूमों की गई जान, मां घायल
हमले में पांच साल के एक बच्चे और छह महीने की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों बच्चे गहरी नींद में थे और उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला. उनकी मां इस धमाके में गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं.
जिस मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाके में यह घटना हुई, वह लंबे समय से संवेदनशील माना जाता है. यह क्षेत्र घाटी में स्थित है और चुराचांदपुर के पहाड़ी इलाकों के पास है. बीते कुछ सालों में यहां कई बार जातीय हिंसा और गोलीबारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. 2023 और 2024 के दौरान यह इलाका खासतौर पर तनाव का केंद्र रहा था.
भाजपा विधायक ने जताया दुख
घटना के बाद स्थानीय भाजपा विधायक टीएच शांति सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस हमले को बेहद क्रूर और अमानवीय बताया. उनके अनुसार, निर्दोष लोगों, खासकर बच्चों को निशाना बनाना किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने मृत बच्चों को श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
यह पहली बार नहीं है जब मणिपुर में इस तरह की घटना सामने आई हो. इससे पहले 14 मार्च को नोनी जिले में एक विस्फोट में एक साल के बच्चे की मौत हो गई थी. उस समय बच्चे के हाथ एक संदिग्ध वस्तु लग गई थी, जो अचानक फट गई. इस हादसे में उसके पिता भी गंभीर रूप से घायल हुए थे.


