दुबई में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर ईरान का ड्रोन अटैक, शाहेद-136 से हमला, भारी नुकसान

ईरान ने दुबई में अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाते हुए शाहेद-136 ड्रोन से बड़ा हमला किया है. इस हमले के बाद मध्य पूर्व में तनाव और गहरा गया है तथा कई देशों ने सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाते हुए बड़ा ड्रोन हमला किया है. ईरानी मीडिया के अनुसार, यह हमला शाहेद-136 ड्रोन के जरिए किया गया, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस इमारत पर हमला किया गया वहां अमेरिकी सेना के अधिकारी मौजूद थे. इस हमले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है.

दुबई में US मिलिट्री बिल्डिंग पर निशाना

ईरानी मीडिया का दावा है कि दुबई में उस बिल्डिंग को टारगेट किया गया, जहां अमेरिकी मिलिट्री अधिकारी मौजूद थे. हमला शाहेद-136 ड्रोन से किया गया, जिसे ईरान की लंबी दूरी की मारक क्षमता वाले ड्रोन सिस्टम का हिस्सा माना जाता है.

सऊदी में अमेरिकी दूतावास पर भी ड्रोन हमला

इससे पहले ईरान ने सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी दूतावास को भी ड्रोन के जरिए निशाना बनाया था. हमले के बाद दूतावास परिसर में आग लगने की खबर सामने आई थी. हालांकि बाद में रिपोर्ट्स में बताया गया कि हमले के समय एंबेसी खाली थी.

कतर की ओर दागी गईं मिसाइलें और ड्रोन

कतर के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि हमले शुरू होने के बाद से देश की ओर दागे गए अधिकांश ईरानी प्रोजेक्टाइल को इंटरसेप्ट कर लिया गया. मंत्रालय के अनुसार, तीनों क्रूज मिसाइलों को मार गिराया गया, 101 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 98 को रोका गया, 39 ड्रोन में से 24 को निष्क्रिय किया गया और दोनों SU-24 लड़ाकू जेट को भी विफल कर दिया गया.

सऊदी रक्षा मंत्रालय का बयान

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने भी इस घटनाक्रम पर आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है. रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा, "रियाद और अल-खार्ज शहरों के पास 8 ड्रोन को रोका और नष्ट किया गया."

इज़राइल में US एंबेसी में आग का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मंगलवार सुबह ईरानी ड्रोन हमले के बाद इज़राइल में स्थित अमेरिकी एंबेसी में आग लगती दिखाई दे रही है. इस वीडियो ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव को लेकर चिंताएं और बढ़ा दी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो