गाजा में इजरायल का कहर: हमास के दो टॉप कमांडर एयरस्ट्राइक में ढेर, हमास में मची खलबली

इजरायल ने बड़ा एक्शन लिया है. IDF और ISA की संयुक्त कार्रवाई में हमास के खूंखार कमांडर मोहम्मद अल-हबील और इस्लामिक जिहाद के अली राजियाना कोको को मार गिराया गया. हबील पर बंधक महिला सैनिक नोआ मार्सियानो की क्रूर हत्या का आरोप था. सीजफायर तोड़ने के ठीक बाद इस सेल को नेस्तनाबूद किया गया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: इजरायली डिफेंस फोर्सेज और इजरायली सुरक्षा एजेंसी ने एक संयुक्त सैन्य अभियान में हमास के कमांडर मोहम्मद अल-हबील और इस्लामिक जिहाद के उत्तरी गाजा ब्रिगेड प्रमुख अली राजियाना को एयरस्ट्राइक से खत्म कर दिया. अल-हबील पर इजरायली कॉर्पोरल नोआ मार्सियानो की कैद के दौरान क्रूर हत्या का आरोप था, जबकि राजियाना उत्तरी गाजा में इस्लामिक जिहाद का प्रमुख कमांडर था और बंधकों की निगरानी में शामिल रहा.

यह कार्रवाई युद्धविराम के उल्लंघन के जवाब में की गई, जिसमें हमास और इस्लामिक जिहाद के आतंकियों ने इजरायली सैनिकों पर हमला किया और एक रिजर्व अधिकारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया. इजरायल ने इसे स्पष्ट संदेश बताया कि वह अपने सैनिकों और नागरिकों के खिलाफ अपराध करने वालों को कभी माफ नहीं करेगा.

नोआ मार्सियानो हत्यारा खत्म, परिवार को मिला न्याय

IDF ने सोशल मीडिया पर इस 'एलिमिनेशन' की पुष्टि की और कहा कि इस कार्रवाई से मार्सियानो परिवार को न्याय मिला है. इजरायल ने दोहराया कि वह अपने नागरिकों और सैनिकों के खिलाफ हिंसा करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेगा. नोआ मार्सियानो को 7 अक्टूबर हमले के दौरान नाहल ओज पोस्ट से अगवा किया गया था. वह इजरायली सेना में ऑब्जर्वर के पद पर तैनात थीं. कैद में उनकी क्रूर हत्या की खबर ने पूरे इजरायल में गहरा आक्रोश पैदा किया था.

युद्धविराम उल्लंघन के बाद एयरस्ट्राइक

इजरायली सेना ने स्पष्ट किया कि यह हमला रात भर हुए युद्धविराम के खुले उल्लंघन के जवाब में किया गया. अली राजियाना न केवल आतंकियों की तैनाती और संगठन की रक्षा योजना बनाने का जिम्मेदार था, बल्कि पूरे युद्ध के दौरान उत्तरी गाजा में बंधकों को कैद में रखने की निगरानी भी वही कर रहा था.

IDF के अनुसार, यह एयरस्ट्राइक उन आतंकवादियों को निशाना बनाकर की गई थी जो इजरायल राज्य और उसके नागरिकों के खिलाफ गंभीर हमलों में शामिल रहे हैं. राजियाना का मारा जाना इस्लामिक जिहाद के लिए एक बड़ा सैन्य झटका माना जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag