मोजतबा खामेनेई समेत कई ईरानी अधिकारियों पर अमेरिका का बड़ा ऐलान, जानकारी देने पर 10 मिलियन डॉलर तक का इनाम
अमेरिकी विदेशी विभाग ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई और कई वरिष्ठ अधिकारीयों के बारे में जानकारी देने वाले को 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर का इनाम देने की पेशकश की है.

नई दिल्ली: अमेरिका ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई और कई वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में जानकारी देने वाले के लिए बड़ा इनाम घोषित किया है. अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि विश्वसनीय जानकारी देने पर 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक का इनाम दिया जा सकता है.
यह घोषणा अमेरिकी विदेश विभाग के ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत की गई है. विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक सार्वजनिक अपील जारी कर लोगों से इन ईरानी नेताओं के बारे में जानकारी साझा करने का आह्वान किया है.
'रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस' कार्यक्रम के तहत अपील
अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने 'रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस' कार्यक्रम के माध्यम से एक पोस्टर जारी करते हुए मोजतबा खामेनेई और अन्य वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों के बारे में जानकारी देने की अपील की है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए इस बैनर में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई का भी जिक्र किया गया है, जिनकी 28 फरवरी को युद्ध के शुरुआती चरण में मृत्यु हो गई थी.
Got information on these Iranian terrorist leaders?
— Rewards for Justice (@RFJ_USA) March 13, 2026
Send us a tip. It could make you eligible for a reward and relocation. pic.twitter.com/y7avkqdGWw
पोस्टर में बताया गया है कि उपयोगी और विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक का इनाम मिल सकता है. इसके साथ ही ऐसे लोगों को पुनर्वास सहायता के लिए भी पात्र बताया गया है.
बैनर में क्या कहा गया
जारी किए गए बैनर में लिखा था, "ये व्यक्ति ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के विभिन्न तत्वों की कमान संभालते हैं और उनका निर्देशन करते हैं, जो दुनिया भर में आतंकवाद की योजना बनाते हैं, उसे संगठित करते हैं और उसे अंजाम देते हैं."
अमेरिका का आरोप है कि इन अधिकारियों की भूमिका आईआरजीसी की विभिन्न गतिविधियों और संचालन में महत्वपूर्ण है.
इन अधिकारियों के बारे में मांगी गई जानकारी
इस अपील में कई प्रमुख ईरानी अधिकारियों के नाम भी शामिल किए गए हैं, जिनके बारे में अमेरिका जानकारी चाहता है.
इनमें खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब, उप चीफ ऑफ स्टाफ अली असगर हेजाजी, मेजर जनरल याह्या रहीम सफावी, आंतरिक मंत्री ब्रिगेडियर जनरल एस्कंदर मोमेनी और सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी का नाम शामिल है.
नोटिस के अनुसार, इन सभी को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की विभिन्न शाखाओं की देखरेख करने वाली नेतृत्व संरचना के अहम सदस्य माना जाता है.
सुरक्षित माध्यम से जानकारी देने की व्यवस्था
अमेरिकी विदेश विभाग की राजनयिक सुरक्षा सेवा द्वारा संचालित ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के मुताबिक, जिन लोगों के पास इन अधिकारियों या अन्य वरिष्ठ आईआरजीसी कमांडरों के बारे में जानकारी है, वे सुरक्षित माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं.
कार्यक्रम ने बताया कि जानकारी देने वाले व्यक्ति एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म या टोर नेटवर्क के जरिए सुरक्षित चैनल का उपयोग कर सकते हैं.
बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका का कदम
10 मिलियन डॉलर तक के इनाम की घोषणा इस कार्यक्रम के तहत दिए जाने वाले सबसे बड़े इनामों में से एक मानी जा रही है.
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और अमेरिकी अधिकारी आईआरजीसी से जुड़े ईरानी सुरक्षा और खुफिया नेटवर्क पर दबाव बढ़ा रहे हैं.


