नई दिल्ली: पाकिस्तान सरकार ने ईरान-इजरायल युद्ध के कारण पैदा हुई ऊर्जा संकट की वजह से देशव्यापी सख्त कदम उठाने का फैसला किया है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई बैठक में सोमवार को यह बड़ा ऐलान किया गया कि बाजार और शॉपिंग मॉल अब जल्दी बंद होंगे.
नए नियम आज रात यानी 7 अप्रैल 2026 से लागू हो जाएंगे. सिंध प्रांत को छोड़कर पूरे पाकिस्तान में बाजार और शॉपिंग मॉल रात 8 बजे तक बंद करने होंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, पंजाब, बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा (KP) के ज्यादातर इलाकों, इस्लामाबाद और गिलगित-बाल्टिस्तान में बाजार रात 8 बजे बंद हो जाएंगे.
सरकार ने साफ कहा है कि निजी घरों या अन्य जगहों पर भी रात 10 बजे के बाद शादी के कार्यक्रम नहीं चलाए जा सकेंगे, हालांकि मेडिकल स्टोर और दवा की दुकानों को इस समय सीमा से पूरी छूट दी गई है.
पाकिस्तान में बिजली और ऊर्जा का संकट लगातार बढ़ रहा है. ईरान में चल रहे युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसकी वजह से सरकार को यह कठोर फैसला लेना पड़ा. बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा सरकारों ने भी अपने प्रांतों में इसी तरह के व्यावसायिक समय की घोषणा की है.
यह फैसला आम लोगों, व्यापारियों और शादी-ब्याह करने वालों के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है. सरकार का कहना है कि यह अस्थायी उपाय है और ऊर्जा बचाने के लिए जरूरी है. शहबाज शरीफ सरकार ने अपील की है कि नागरिक इस फैसले का पालन करें और ऊर्जा की बचत में सहयोग करें. First Updated : Tuesday, 07 April 2026