PM कार्नी ने ओटावा गुरुद्वारा में पत्नी के साथ लंगर परोसा, कहा- कनाडा सिखों का दूसरा घर

मार्क कार्नी ने सिख परंपराओं के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि सिख समुदाय कनाडा की पहचान और प्रगति का अनमोल हिस्सा है. उन्होंने सिख कनाडाईयों के योगदान को याद करते हुए भावुक होकर कनाडा को उनका ‘दूसरा घर’ बताया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सिख हेरिटेज माह के मौके पर अपनी पत्नी डायना फॉक्स कार्नी के साथ ओटावा के गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर सिख समुदाय के साथ गहरी एकजुटता दिखाई. इस दौरान उन्होंने सिख परंपराओं का पूरा सम्मान करते हुए अरदास में शिरकत की और संगत के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लिया. गुरुद्वारे पहुंचने पर प्रधानमंत्री दंपति ने लंगर सेवा में भी हाथ बंटाया. उन्होंने खुद संगत के लिए लंगर परोसा और सेवादारों के साथ मिलकर व्यवस्था संभालने में सहयोग किया. गुरुद्वारे में उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत किया.

गुरुद्वारा पहुंचकर प्रधानमंत्री ने की लंगर सेवा

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और उनकी पत्नी डायना फॉक्स कार्नी ने गुरुद्वारे में लंगर परोसा और सेवादारों के साथ मिलकर पूरी व्यवस्था में मदद की. इस मौके पर सिख समुदाय के सदस्यों ने प्रधानमंत्री के आगमन पर अपनी खुशी जाहिर की और उन्हें हार्दिक अभिनंदन दिया.

मार्क कार्नी का सोशल मीडिया संदेश

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा करते हुए कहा कि कनाडा विश्व में दूसरा सबसे बड़ा सिख समुदाय का घर है. उन्होंने कहा कि सिख विरासत माह में हम उन पीढ़ियों के सिख कनाडाई लोगों का सम्मान करते हैं, जिन्होंने देश की समृद्धि, समुदायों की मजबूती और एक मजबूत कनाडा के निर्माण में अहम योगदान दिया है.

सिख विरासत माह का महत्व

सिख विरासत माह हर साल अप्रैल के महीने में मनाया जाता है, जो मुख्य रूप से कनाडा और अन्य पश्चिमी देशों में सिख समुदाय के इतिहास, संस्कृति, कला और उनके योगदान का जश्न मनाता है. इस महीने बैसाखी का त्योहार भी आता है, जो खालसा पंथ की स्थापना की याद दिलाता है. ये महीना सिखों द्वारा समाज, अर्थव्यवस्था और संस्कृति में डाले गए बहुमूल्य योगदान को पहचानने और साझा करने का अवसर है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो