पीएम मोदी ने बांग्लादेश चुनाव में जीत पर तारिक रहमान को दी बधाई
बीएनपी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के नेता तारिक रहमान को बधाई संदेश भेजा है.

बांग्लादेश में संपन्न हुए 13वें संसदीय चुनावों के नतीजों ने दक्षिण एशियाई राजनीति की दिशा बदल दी है. बीएनपी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के नेता तारिक रहमान को बधाई संदेश भेजा है. प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर अपने संदेश में कहा कि यह परिणाम बांग्लादेश की जनता के भरोसे और नेतृत्व के प्रति समर्थन का स्पष्ट संकेत है.
प्रधानमंत्री मोदी ने संदेश में क्या कहा?
अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने बीएनपी की निर्णायक सफलता को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती बताया. उन्होंने कहा कि भारत एक स्थिर, लोकतांत्रिक और समावेशी बांग्लादेश के साथ साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही दोनों देशों के बीच विकास, व्यापार और क्षेत्रीय सहयोग के साझा एजेंडे को नई गति देने की इच्छा भी जताई.
I convey my warm congratulations to Mr. Tarique Rahman on leading BNP to a decisive victory in the Parliamentary elections in Bangladesh.
— Narendra Modi (@narendramodi) February 13, 2026
This victory shows the trust of the people of Bangladesh in your leadership.
India will continue to stand in support of a democratic,…
विश्लेषकों का क्या मानना है?
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से बाहर होने के बाद यह पहला बड़ा आम चुनाव था. लंबे राजनीतिक संघर्ष और लगभग 17 वर्षों के अंतराल के बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी को क्षेत्रीय राजनीति में अहम मोड़ माना जा रहा है. विश्लेषकों का मानना है कि नई सरकार के गठन से भारत-बांग्लादेश संबंधों में नई संभावनाएं खुल सकती हैं. हालांकि, आने वाले समय में नीतिगत प्राथमिकताएं भी अहम भूमिका निभाएंगी.
दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार
गुरुवार को देशभर में मतदान हुआ और उसी शाम से मतगणना शुरू कर दी गई. अब तक सामने आए परिणामों के अनुसार, बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 300 सदस्यीय जातीय संसद में 209 सीटें जीत ली हैं. इस आंकड़े के साथ गठबंधन ने दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया है.
बीएनपी ने आधिकारिक रूप से जीत का दावा किया
चुनाव परिणामों के बाद बीएनपी ने आधिकारिक रूप से जीत का दावा किया और मतदाताओं के प्रति आभार जताया. हालांकि पार्टी ने अपने समर्थकों से संयम बरतने की अपील की है. बीएनपी नेतृत्व ने कहा कि विजय उत्सव मनाने के बजाय कार्यकर्ता शुक्रवार की नमाज अदा करें और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को याद करें.


