ब्रिटेन में चाकूबाजी और कार हमला, पुलिस ने संदिग्ध को मारी गोली
ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक यहूदी प्रार्थना स्थल के बाहर चाकूबाजी और कार हमले में चार लोग घायल हुए, जिसके बाद पुलिस ने संदिग्ध हमलावर को गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में भारी सुरक्षा तैनात कर दी गई और जांच जारी है.

ब्रिटेन के उत्तरी मैनचेस्टर इलाके में गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना हुई, जब एक यहूदी प्रार्थना स्थल के बाहर चाकूबाजी और वाहन टक्कर मारने की वारदात सामने आई. इस हिंसक हमले में कम से कम चार लोग घायल हो गए. ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने बताया कि हमले के तुरंत बाद संदिग्ध को गोली मारकर काबू में किया गया.
कहां गुई घटना?
घटना क्रम्पसॉल क्षेत्र स्थित हीटन पार्क हिब्रू सभास्थल के पास हुई. स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9:31 बजे पुलिस को एक नागरिक ने सूचना दी कि एक वाहन तेज रफ्तार से लोगों की तरफ बढ़ रहा है और उसी दौरान एक व्यक्ति चाकू से हमला कर रहा है. कुछ ही मिनटों में हालात गंभीर हो गए, जिसके चलते मौके पर पहुंचे अधिकारियों को बल प्रयोग करना पड़ा. पुलिस ने बताया कि 9:38 बजे हथियारबंद अधिकारियों ने संदिग्ध पर गोली चलाई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा.
पुलिस के मुताबिक, यह स्पष्ट है कि संदिग्ध ने पहले राहगीरों पर कार चढ़ाई और फिर चाकू से वार किया. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है. वहीं, संदिग्ध को भी गोली लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसे प्रमुख अपराधी मानते हुए हिरासत में रखा गया है.
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने की घटना की पुष्टि
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमें सुबह 9:31 पर आपात कॉल मिली थी. सूचना में कहा गया कि एक कार लोगों की ओर जा रही है और किसी व्यक्ति पर चाकू से हमला हो रहा है. कुछ ही मिनटों में कार्रवाई करते हुए हमारे अधिकारियों ने संदिग्ध को गोली मार दी.
स्थानीय यहूदी समुदाय इस घटना से दहशत में है. क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और जांच दल यह पता लगाने में जुटा है कि इस हमले के पीछे मकसद क्या था. फिलहाल अधिकारियों ने इसे अलग-थलग घटना बताया है, लेकिन जांच पूरी होने तक सभी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है.
इस हमले ने ब्रिटेन में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें.


