रूस ने कीव में ईयू और ब्रिटेन के भवनों पर किया मिसाइल हमला, जेलेंस्की ने दी तीखी प्रतिक्रिया

रूस ने कीव में यूरोपीय संघ (ईयू) के भवन और ब्रिटिश काउंसिल की इमारत को निशाना बनाया. इन हमलों में दोनों दफ्तरों को नुकसान पहुंचा.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

Russia attack on British buildings: रूस-यूक्रेन युद्ध का नया चरण गुरुवार को शुरू हुआ, जब रूस ने कीव में यूरोपीय संघ (ईयू) के भवन और ब्रिटिश काउंसिल की इमारत को निशाना बनाया. इन हमलों में दोनों दफ्तरों को नुकसान पहुंचा. साथ ही, कीव पर हुए अन्य हमलों में चार बच्चों समेत 18 लोगों की मौत हो गई और 38 लोग घायल हुए.

जेलेंस्की की तीखी प्रतिक्रिया 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रूस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह बातचीत के बजाय हिंसा के रास्ते पर है. उन्होंने रूस पर और कठोर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लगाने की मांग की. दूसरी ओर, रूस का कहना है कि वह अब भी शांति वार्ता को तैयार है, लेकिन यूक्रेन को भी वार्ता की सच्ची इच्छा जतानी होगी. हालांकि, ईयू और ब्रिटेन के भवनों में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है.

ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने किया विरोध

यह पहला अवसर है जब साढ़े तीन साल लंबे युद्ध में कीव में विदेशी राजनयिकों के दफ्तरों को सीधा निशाना बनाया गया. ब्रसेल्स में ईयू मुख्यालय और लंदन स्थित ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने रूसी राजदूतों को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया. ईयू प्रमुख उर्सला वॉन डेर लायन ने कहा कि यह हमला दर्शाता है कि रूस अब यूक्रेन के साथ-साथ यूरोपीय संघ को भी भयभीत करना चाहता है. उन्होंने बताया कि कीव स्थित ईयू दफ्तर के पास 20 सेकंड के भीतर दो मिसाइलें गिरी थीं. ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की.

हमलों की शुरुआत गुरुवार तड़के हुई, जब कीव निवासी तेज धमाकों की आवाज से जागे. शहर के आकाश में धुएं के गुबार और आग की लपटें उठती रहीं. बाद में राहत दलों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. अधिकतर हताहत आम नागरिक बताए जा रहे हैं.

कीव सहित 13 शहरों को निशाना 

यूक्रेनी सेना के अनुसार, गुरुवार को रूस ने कीव सहित 13 शहरों को निशाना बनाया. नेशनल ग्रिड पर हमलों के कारण कई इलाकों में बिजली बाधित हुई. रूस का दावा है कि उसने यूक्रेन की नौसेना को भी नुकसान पहुंचाया है. वहीं, यूक्रेन ने कहा कि रूस ने लगभग 600 ड्रोन छोड़े, जिनमें से 563 को मार गिराया गया, साथ ही 31 मिसाइलों में से 26 को रोका गया. रूस ने भी यूक्रेन के 102 हमलावर ड्रोन गिराने का दावा किया है.

जमीनी मोर्चे पर रूसी सेना धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है, जबकि हवाई हमले यूक्रेन की राजधानी और अन्य शहरों को लगातार प्रभावित कर रहे हैं. हाल के दिनों में यूक्रेन ने भी रूस के 10 तेल रिफाइनरी, बंदरगाह और ईंधन भंडारण स्थलों पर बड़े हमले किए हैं, जिससे संघर्ष और तीव्र हो गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag