'मैने भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाई, नोबेल मिलना चाहिए'... ट्रंप ने फिर लिया सीजफायर का क्रेडिट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर दावा किया है कि उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को उन्होंने खत्म कराया. ट्रंप ने यह भी दोहराया कि इसके लिए उन्हें नॉबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए. भारत ने ट्रंप के दावों को हमेशा खारिज किया है.

Trump Nobel Prize: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रोका. शनिवार को अमेरिकन कॉर्नरस्टोन इंस्टीट्यूट के संस्थापकों का रात्रिभोज में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने न केवल भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव खत्म कराया, बल्कि थाईलैंड-कंबोडिया, आर्मेनिया-अज़रबैजान, कोसोवो-सर्बिया, इज़रायल-ईरान, मिस्र-इथियोपिया और रवांडा-कांगो के बीच भी शांति स्थापित करवाई. ट्रंप ने कहा कि उन्हें इसके लिए नॉबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए.
ट्रंप ने कहा, “सोचिए भारत और पाकिस्तान के बारे में. और आप जानते हैं मैंने यह कैसे रोका व्यापार से. वे व्यापार करना चाहते थे. मैंने दोनों नेताओं का सम्मान किया, लेकिन मैंने साफ कहा कि अगर लड़ाई होगी तो कोई व्यापार नहीं होगा. उनके पास परमाणु हथियार हैं और उन्होंने लड़ाई रोक दी.” उन्होंने आगे कहा कि 60 फीसदी युद्ध व्यापार की वजह से रोके गए.
7 युद्ध रोकने के लिए मिलने चाहिए नोबेल
ट्रंप ने कहा कि अगर वे रूस-यूक्रेन युद्ध रोक दें तो उन्हें नॉबेल प्राइज मिल सकता है. उन्होंने कहा, “मुझसे कहा गया कि अगर आप रूस और यूक्रेन का युद्ध रोक देंगे तो आपको नॉबेल मिलना चाहिए. मैंने कहा, तो सात युद्धों के लिए क्या? मुझे सात नॉबेल मिलने चाहिए. मैंने सात युद्ध रोके हैं, वो एक युद्ध है और बड़ा युद्ध है.”
भारत ने दावों को हमेशा किया खारिज
भारत ने ट्रंप के दावों को हमेशा खारिज किया है. 10 मई को भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा था कि भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच सीधे बातचीत के बाद ही संघर्षविराम का फैसला हुआ था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में स्पष्ट कहा था कि भारत ने यह कार्रवाई खुद के दम पर की.
7 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ढांचों को निशाना बनाया गया. यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम हमले में 26 नागरिकों की मौत के बाद की गई थी.


