6 बजे खत्म हो जाएगा अल्टीमेटम, हमास नहीं माना तो होगी बड़ी तबाही...ट्रंप ने दी चेतावनी
Donald Trump peace plan: अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने गाजा युद्ध समाप्ति के लिए 20 पॉइंट का शांति प्रस्ताव तैयार किया है, जिसमें इजराइल सहमत है. हमास को रविवार शाम तक डील स्वीकार करने का अल्टीमेटम दिया गया है. हमास की असहमति पर हमला संभव है. बंधकों की रिहाई और गाजा की भविष्य की राजनीतिक व्यवस्था मुख्य विवाद हैं.

Donald Trump peace plan: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा युद्ध को समाप्त करने के लिए 20 पॉइंट का एक शांति प्रस्ताव तैयार किया है. इस प्रस्ताव पर इजराइल पहले ही सहमत हो चुका है, लेकिन अब अंतिम फैसला हमास के हाथों में है. ट्रंप ने हमास को रविवार, 5 सितंबर, शाम 6 बजे तक इस डील को स्वीकार करने का अल्टीमेटम दिया है. यदि समय तक हमास डील पर सहमति नहीं देता, तो ट्रंप ने चेतावनी दी है कि वे हमास के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकते हैं.
ट्रंप की चेतावनी
राष्ट्रपति ट्रंप ने लगातार हमास को डील पर कदम उठाने के लिए अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हमास प्रस्ताव को नहीं मानता तो गाजा पर बड़ा हमला होगा. ट्रंप ने शुक्रवार को ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर पोस्ट करते हुए कहा कि मिडिल ईस्ट में किसी न किसी तरह शांति स्थापित की जाएगी और हिंसा तथा खूनखराबा अब बंद होना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी बंधकों की रिहाई सुनिश्चित होगी, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं जो अब जीवित नहीं हैं.
शनिवार को ट्रंप ने हमास को अंतिम चेतावनी दी, जिसमें कहा गया कि अगर शांति समझौते पर तुरंत कदम नहीं उठाए गए तो गाजा में और तबाही हो सकती है. उनके शब्द “गाजा में और तबाही झेलनी पड़ सकती है” साफ संकेत हैं कि हमास डील पर नहीं माना तो हमला निश्चित हो सकता है.
हमास और डील के प्वाइंट
डील में कुल 20 प्वाइंट शामिल हैं. इसमें मुख्य बिंदु यह है कि हमास को अपने हथियार छोड़ने होंगे और भविष्य में गाजा की सरकार में उसकी कोई भूमिका नहीं होगी. हालांकि, हमास ने बंधकों की रिहाई पर सहमति दे दी है, जिससे इसे डील पर उनकी “आधी हामी” माना जा रहा है.
हमास की सबसे बड़ी आपत्ति गाजा की भविष्य की राजनीतिक व्यवस्था को लेकर है. उनका कहना है कि गाजा की सत्ता किसी स्वतंत्र फिलिस्तीनी तकनीकी सरकार के हाथों में होनी चाहिए. जबकि ट्रंप के प्रस्ताव में अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिशन बॉडी (Board of Peace) बनाने का सुझाव है. इसके अलावा, हमास ने इजराइली सेना की पूरी और अंतिम वापसी की मांग भी रखी है.
इजराइल की प्रतिक्रिया
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने डील का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कुछ ही दिनों में बंधकों की रिहाई की घोषणा हो जाएगी. उन्होंने हमास को निरस्त्र करने की प्रतिबद्धता जताई.
मिस्र के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि सोमवार को हमास और इजराइली प्रतिनिधिमंडल इस शांति योजना के तहत वार्ता करेंगे. इन वार्ताओं में सभी इजराइली बंधकों की रिहाई और फिलीस्तीनी कैदियों के अदला-बदली पर चर्चा होगी. मंत्रालय का कहना है कि इन चर्चाओं से गाजा युद्ध के समाप्ति और फिलिस्तीनी जनता की पीड़ा कम करने में ठोस प्रगति की उम्मीद है.


