अमेरिका के ताबड़तोड़ हमलों से कांपा ईरान, चाबहार-तबरीज में भारी तबाही, बंद होने की कगार पर होर्मुज

मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ा सैन्य टकराव अब अत्यंत विनाशकारी मोड़ पर पहुंच चुका है. अमेरिकी वायुसेना और नौसेना ने लगातार नौवीं रात ईरान के प्रमुख सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ा सैन्य टकराव अब अत्यंत विनाशकारी मोड़ पर पहुंच चुका है. अमेरिकी वायुसेना और नौसेना ने लगातार नौवीं रात ईरान के प्रमुख सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के सीधे निर्देशों के तहत किए गए इन हमलों से उत्तर-पश्चिम से लेकर दक्षिण-पूर्वी ईरान तक की धरती कांप उठी.

 CENTCOM का दावा और हमलों का दायरा

अमेरिकी राष्ट्रपति के आदेश पर शाम 7 बजे शुरू हुई इस नई कार्रवाई का मुख्य लक्ष्य होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में अंतर्राष्ट्रीय जहाजों और नौसैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बताया गया है. अमेरिकी सेना के अनुसार, इन हमलों के जरिये उन ईरानी सैन्य क्षमताओं को ध्वस्त किया जा रहा है जिनका इस्तेमाल वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा था.

ताजा हमलों की जद में ईरान के कई महत्वपूर्ण शहर आए हैं:

तबरीज और चाबहार:  उत्तर-पश्चिम के ऐतिहासिक शहर तबरीज से लेकर दक्षिण-पूर्व के रणनीतिक चाबहार बंदरगाह तक कई शक्तिशाली विस्फोट दर्ज किए गए.

होर्मोजगान और बुशेहर: तटीय और ऊर्जा के लिहाज से संवेदनशील प्रांतों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं.

कोनारक में एयर डिफेंस एक्टिव: विस्फोटों के तुरंत बाद कोनारक इलाके में ईरान की वायु रक्षा प्रणालियां (Air Defense Systems) बेहद सक्रिय मोड में आ गईं.

होर्मुज में धू-धू कर जला व्यापारिक जहाज

हवाई बमबारी के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थिति उस वक्त और भयावह हो गई जब ओमान तट के निकट एक बड़े वाणिज्यिक पोत में भीषण आग लग गई. ब्रिटिश नौसैनिक निगरानी एजेंसी (UKMTO) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह जहाज समुद्र के बीच धू-धू कर जलता हुआ देखा गया. हालांकि आधिकारिक रूप से अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि जहाज पर मिसाइल हमला हुआ या यह समुद्री माइन की चपेट में आया, लेकिन इस घटना ने वैश्विक तेल आपूर्ति मार्ग की सुरक्षा पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं.

बहरीन में अमेरिकी दूतावास का रेड अलर्ट

बढ़ते सैन्य टकराव के कारण समूचे खाड़ी क्षेत्र में खलबली मच गई है. बहरीन की राजधानी मनामा स्थित अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए तत्काल प्रभाव से उच्च सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. दूतावास के अनुसार, खुफिया इनपुट मिले हैं कि ईरान मध्य मनामा में अमेरिकी ठिकानों या महत्वपूर्ण परिसरों को निशाना बनाने की फिराक में है.

स्थानीय प्रशासन की चेतावनी

अमेरिकी नागरिकों को भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने, सुरक्षित स्थानों में रहने और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों पर कड़ाई से अमल करने की सलाह दी गई है. लगातार 9 रातों से जारी यह सैन्य कार्रवाई अब एक व्यापक क्षेत्रीय युद्ध का रूप लेती दिख रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो