क्या अमेरिका में शामिल होगा क्यूबा? ट्रंप ने दिया 'फ्रेंडली टेकओवर' का संकेत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि क्यूबा सरकार अमेरिका से बातचीत कर रही है और 'फ्रेंडली टेकओवर' की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. उनके इस बयान के बाद अमेरिका-क्यूबा संबंधों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है.

नई दिल्ली: अमेरिकी राजनीति में एक बार फिर बड़ा भू-राजनीतिक बयान सामने आया है. अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ग्रीनलैंड के बाद अब क्यूबा को लेकर ऐसा संकेत दिया है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल पैदा कर दी है. ट्रंप ने कहा है कि क्यूबा सरकार संकट से जूझ रही है और वॉशिंगटन के साथ उसकी बातचीत जारी है.
राष्ट्रपति ने यह भी इशारा किया कि अमेरिका क्यूबा का ‘फ्रेंडली टेकओवर’ कर सकता है. हालांकि उन्होंने इस प्रक्रिया की रूपरेखा स्पष्ट नहीं की, लेकिन उनका बयान दशकों से तनावपूर्ण रहे अमेरिका-क्यूबा संबंधों में संभावित बदलाव की ओर संकेत करता है.
व्हाइट हाउस से टेक्सास रवाना होते वक्त दिया बयान
शुक्रवार को व्हाइट हाउस से टेक्सास के लिए रवाना होते समय ट्रंप ने क्यूबा के साथ बातचीत की पुष्टि की. उन्होंने कहा, "क्यूबा सरकार हमसे बात कर रही है. वह बहुत बड़ी मुश्किल में हैं, जैसा आप जानते हैं. उनके पास पैसे नहीं हैं, अभी उनके पास कुछ भी नहीं है. लेकिन वो हमसे बात कर रहे हैं और शायद हम क्यूबा का फ्रेंडली टेकओवर कर लें."
ट्रंप के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि आखिर ‘फ्रेंडली टेकओवर’ से उनका आशय क्या है और इसका वास्तविक स्वरूप क्या हो सकता है.
क्या है 'फ्रेंडली टेकओवर' का अर्थ?
राष्ट्रपति ट्रंप ने दोहराते हुए कहा, "हम बहुत अच्छी तरह से क्यूबा का फ्रेंडली टेकओवर कर सकते हैं."
हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इसका मतलब आर्थिक मदद, सत्ता में बदलाव या किसी विशेष समझौते से है. बातचीत की प्रकृति और दायरे पर भी उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी.
'फ्रेंडली टेकओवर' जैसे शब्दों का इस्तेमाल आमतौर पर कूटनीतिक भाषा में नहीं किया जाता, इसलिए इस टिप्पणी ने राजनयिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है.
निर्वासित क्यूबाई लोगों के लिए 'अच्छी खबर'
ट्रंप का मानना है कि अगर यह प्रक्रिया आगे बढ़ती है तो इसका सबसे बड़ा लाभ उन क्यूबाई लोगों को होगा, जो वर्षों पहले अपना देश छोड़कर अमेरिका में बस गए थे. उन्होंने कहा कि अमेरिका में रहने वाले कई लोग क्यूबा लौटना चाहते हैं और वे मौजूदा घटनाक्रम से उत्साहित हैं.
राष्ट्रपति ने यह भी उल्लेख किया कि वे बचपन से अमेरिका-क्यूबा संबंधों की जटिलताओं के बारे में सुनते आए हैं, लेकिन अब हालात में सकारात्मक बदलाव की संभावना दिख रही है.
दशकों पुराने तनावपूर्ण संबंध
अमेरिका और क्यूबा के रिश्ते लंबे समय से राजनीतिक शत्रुता और आर्थिक प्रतिबंधों से प्रभावित रहे हैं. दोनों देशों के बीच अविश्वास और टकराव का इतिहास रहा है. ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब प्रशासन पश्चिमी गोलार्ध में नए समीकरण स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत बताया जा रहा है.
फिलहाल 'फ्रेंडली टेकओवर' को लेकर कोई आधिकारिक रूपरेखा सामने नहीं आई है, लेकिन इस बयान ने अमेरिका-क्यूबा संबंधों पर नई चर्चा को जन्म दे दिया है.


