एक मैच, एक मौका, एक सपना, पाकिस्तान के सामने सेमीफाइनल का आखिरी दरवाजा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत ने ग्रुप-2 की तस्वीर को दिलचस्प बना दिया है. इस नतीजे के बाद पाकिस्तान की टीम अब भी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है, लेकिन चुनौती बेहद कठिन है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर मिली रोमांचक जीत ने ग्रुप-2 की तस्वीर को और ज्यादा दिलचस्प बना दिया है. इस नतीजे के बाद पाकिस्तान की टीम अब भी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है, लेकिन उसके सामने चुनौती बेहद कठिन है. 28 फरवरी को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान का मुकाबला श्रीलंका से होगा और इसी मैच से तय होगा कि ग्रुप-2 से इंग्लैंड के साथ अंतिम चार में कौन पहुंचेगा.

पाक और न्यूजीलैंड के बीच फंसा सेमीफाइनल का पेंच 

पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं है. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे न केवल जीत हासिल करनी होगी, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, ताकि उसका नेट रनरेट न्यूजीलैंड से बेहतर हो सके. मौजूदा समय में पाकिस्तान का नेट रनरेट -0.461 है, जबकि न्यूजीलैंड का नेट रनरेट 1.390 है. न्यूजीलैंड के खाते में 3 अंक हैं, जबकि पाकिस्तान के पास केवल 1 अंक है. ऐसे में पाकिस्तान के लिए सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, बल्कि जीत का अंतर भी निर्णायक भूमिका निभाएगा.

यदि पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है तो उसे श्रीलंका को कम से कम 64 रनों से हराना होगा. वहीं, अगर पाकिस्तान लक्ष्य का पीछा करता है तो उसे मुकाबला 13.1 ओवर के भीतर खत्म करना होगा. अगर वह इन दोनों में से किसी भी स्थिति में आवश्यक अंतर हासिल नहीं कर पाता तो न्यूजीलैंड की टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. इतना ही नहीं, अगर बारिश या किसी अन्य कारण से मैच रद्द हो जाता है, तो भी न्यूजीलैंड को फायदा मिलेगा और वह अंतिम चार में अपनी जगह बना लेगा.

इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत ने पूरे ग्रुप के समीकरण बदल दिए हैं. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे. जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत कमजोर रही और टीम ने 117 रन तक 6 विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, इसके बाद रेहान अहमद और विल जैक्स ने शानदार संयम दिखाया और 44 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी. इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया.

सेमीफाइनल में इंग्लैंड की एंट्री 

इंग्लैंड पहले ही 6 अंकों के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर चुका है और ग्रुप में शीर्ष पर है. अब सभी की निगाहें पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं. यह मैच तय करेगा कि इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम पाकिस्तान होगी या न्यूजीलैंड. पाकिस्तान के पास इतिहास रचने का मौका है, लेकिन इसके लिए उसे हर हाल में दमदार प्रदर्शन करना होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag