ये भी कोई काम है?... बस गले लगाओ, लाइन में खड़े रहो या सो जाओ और खाते में आएंगें हजारों रुपये

आज की डिजिटल दुनिया में कुछ ऐसी अनोखी नौकरियां भी मौजूद हैं, जहां पारंपरिक मेहनत कम और कमाई ज्यादा है.प्रोफेशनल कडलर, लाइन स्टैंडर और स्लीप टेस्टर जैसे पेशे सुनने में भले अजीब लगें, लेकिन इनसे लोग हजारों रुपये प्रति घंटे तक कमा रहे हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: आम तौर पर नौकरी का मतलब होता है लंबी ड्यूटी, टारगेट का दबाव और मेहनत के मुकाबले सीमित सैलरी. लेकिन बदलती डिजिटल और ग्लोबल अर्थव्यवस्था ने ऐसे कई अनोखे पेशे भी पैदा कर दिए हैं, जहां काम पारंपरिक नहीं है, पर कमाई चौंकाने वाली है.

दुनिया के कई देशों में कुछ ऐसी नौकरियां तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं, जिनके बारे में सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं. इन पेशों में शारीरिक मेहनत कम, लेकिन भुगतान अच्छा मिलता है. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ प्रोफेशन के बारे में, जिन्हें देखकर आपके मन में भी सवाल उठेगा '

प्रोफेशनल कडलर: भावनात्मक सहारे की कीमत

सबसे पहले बात करते हैं प्रोफेशनल कडलर की. यह सुनने में भले ही अजीब लगे, लेकिन कई देशों में यह एक मान्यता प्राप्त सेवा बन चुकी है. इस काम में व्यक्ति को किसी के साथ बैठकर या पास रहकर भावनात्मक सहारा देना होता है.

यह पूरी तरह गैर-रोमांटिक सेवा होती है, जिसका उद्देश्य अकेलेपन से जूझ रहे लोगों को मानसिक सुकून देना है. सेशन के आधार पर भुगतान किया जाता है और कई जगह प्रति घंटे हजारों रुपये तक मिलते हैं. अमेरिका और यूरोप जैसे देशों में यह फीस लगभग 3 हजार से 10 हजार रुपये प्रति घंटे तक बताई जाती है. इसके लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध हैं, जहां लोग कडलर बुक कर सकते हैं या खुद इस पेशे से जुड़ सकते हैं.

लाइन स्टैंडर: लाइन में खड़े रहना ही पेशा

दूसरी अनोखी नौकरी है लाइन स्टैंडर की. बड़े प्रोडक्ट लॉन्च, लोकप्रिय टिकट बिक्री या सरकारी प्रक्रियाओं में लंबी कतारों से बचने के लिए लोग पैसे देकर किसी और को अपनी जगह लाइन में खड़ा कर देते हैं.

इस पेशे में काम सिर्फ इतना होता है कि तय समय तक लाइन में खड़े रहना है. बदले में अच्छी रकम मिलती है. कई लोग इसे पार्ट-टाइम करते हैं, जबकि कुछ इसे फुल-टाइम प्रोफेशन के तौर पर अपनाते हैं. विदेशों में इसके लिए भी ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म मौजूद हैं और भुगतान घंटे के हिसाब से किया जाता है.

स्लीप टेस्टर: सोने के भी मिलते हैं पैसे

स्लीप टेस्टर भी ऐसा ही एक रोचक पेशा है. होटल, मैट्रेस कंपनियां और रिसर्च लैब्स ऐसे लोगों को नियुक्त करती हैं, जिनका काम होता है अलग-अलग बेड या माहौल में सोना.

इनका उद्देश्य यह जांचना होता है कि किस प्रकार के गद्दे या वातावरण में नींद बेहतर आती है. जहां आम लोग अच्छी नींद के लिए परेशान रहते हैं, वहीं इस नौकरी में सोने के लिए भुगतान किया जाता है. कई शोध संस्थान भी नींद और मानसिक स्थिति पर अध्ययन के लिए ऐसे लोगों को हायर करते हैं.

प्रोफेशनल वॉचर: कंटेंट देखकर कमाई

कुछ देशों में प्रोफेशनल वॉचर या कंटेंट टेस्टर की नौकरी भी लोकप्रिय हो रही है. इस काम में लोगों को फिल्म, वेब सीरीज या वीडियो गेम देखकर अपनी प्रतिक्रिया देनी होती है. कंपनियां कंटेंट की गुणवत्ता और दर्शकों की पसंद समझने के लिए ऐसे लोगों को भुगतान करती हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag