छोटे फ्रेम को कहें अलविदा, इस सीजन ओवरसाइज्ड सनग्लासेस हैं परफेक्ट चॉइस

इस सीजन फैशन में ओवरसाइज़्ड सनग्लासेस का ट्रेंड तेजी से लौट आया है. सेलेब्रिटीज से लेकर रनवे तक हर जगह यह स्टाइल छाया हुआ है, जानिए इसे कैसे अपनाएं और अपने लुक को बनाएं खास.

Shraddha Mishra

अगर आप इस सीजन में स्टाइलिश दिखना चाहते हैं, तो एक बात साफ समझ लीजिए- अब फैशन में छोटा चीजे नहीं, बड़ी चीजों का ट्रेंड है. कुछ समय पहले तक छोटे और पतले फ्रेम वाले चश्मों का ट्रेंड था, लेकिन अब फैशन की दुनिया ने एक बार फिर यू-टर्न लिया है. इस बार ओवरसाइज़्ड यानी बड़े और बोल्ड सनग्लासेस ने एंट्री मार ली है, जो आपके पूरे लुक को एक अलग पहचान दे सकते हैं.

फैशन इंडस्ट्री में इन दिनों ओवरसाइज़्ड सनग्लासेस का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज जैसे मलाइका अरोड़ा, तमन्ना भाटिया और आलिया भट्ट को हाल ही में इस स्टाइल में देखा गया है.

रनवे पर भी यह ट्रेंड साफ नजर आ रहा है. बड़े और आकर्षक फ्रेम वाले चश्मे अब सिर्फ आंखों की सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि एक स्टेटमेंट एक्सेसरी बन चुके हैं.

2026: बोल्ड फैशन का साल

फैशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह साल मिनिमल लुक से हटकर बोल्ड और एक्सप्रेसिव स्टाइल का है. बड़े सनग्लासेस उसी ट्रेंड का हिस्सा हैं. अब लोग सिंपल और हल्के स्टाइल की जगह ऐसे एक्सेसरीज चुन रहे हैं, जो उनके लुक को खास और अलग बनाएं. यही वजह है कि ओवरसाइज़्ड फ्रेम्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं.

सही फ्रेम कैसे चुनें?

सही सनग्लासेस चुनना बहुत जरूरी है, क्योंकि हर चेहरा अलग होता है. अगर आपका चेहरा चौड़ा या शार्प है, तो मोटे और स्ट्रक्चर्ड फ्रेम आप पर अच्छे लगेंगे. वहीं, छोटे चेहरे वाले लोग हल्के और थोड़े ऊपर उठे हुए डिजाइन वाले फ्रेम चुन सकते हैं, ताकि चेहरा दबा हुआ न लगे. सबसे जरूरी बात यह है कि चश्मा आपके लुक को बेहतर बनाए, न कि उसे भारी दिखाए. साथ ही, यह भी ध्यान रखें कि आपके चश्मे में UV400 प्रोटेक्शन जरूर हो.

ओवरसाइज़्ड सनग्लासेस को कैसे स्टाइल करें?

मेकअप:
जब आप बड़े चश्मे पहनते हैं, तो चेहरे का ऊपरी हिस्सा ज्यादा हाइलाइट हो जाता है. ऐसे में हल्का लेकिन संतुलित मेकअप जरूरी होता है. बोल्ड लिपस्टिक लगाने से लुक बैलेंस में रहता है और चेहरा आकर्षक दिखता है.

ज्वेलरी:
इस स्टाइल के साथ ज्यादा भारी गहने पहनने से लुक ओवरलोडेड लग सकता है. इसलिए छोटे स्टड, सॉलिटेयर या हल्के झुमके ही बेहतर विकल्प होते हैं.

हेयरस्टाइल:
बालों को साधारण और साफ-सुथरा रखना जरूरी है. लो बन या बालों को कानों के पीछे सेट करने से आपका पूरा फोकस चश्मे पर रहता है और लुक क्लासी लगता है.

क्लासिक रंगों से हटकर नया एक्सपेरिमेंट

इस बार सिर्फ साइज ही नहीं, बल्कि रंगों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. काले और भूरे जैसे पारंपरिक रंगों की जगह अब बरगंडी, ऑलिव ग्रीन और ऑफ-व्हाइट जैसे नए शेड्स ट्रेंड में हैं. लेंस में भी हल्के रंग जैसे रोज़, सेपिया और ब्लू शेड्स पसंद किए जा रहे हैं, जो लुक को और ज्यादा स्टाइलिश बनाते हैं.

स्टाइल में बनाएं अपनी पहचान

आज के समय में फैशन सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक्सेसरीज़ भी उतनी ही अहम हो गई हैं. ओवरसाइज़्ड सनग्लासेस एक ऐसा ट्रेंड है, जो आपको भीड़ में अलग पहचान दे सकता है. अगर आप इसे सही तरीके से अपनाते हैं, तो यह आपका पूरा लुक बदल सकता है और आपको एक कॉन्फिडेंट और फैशनेबल अपीयरेंस दे सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो