भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और पाकिस्तानी खिलाड़ी के बीच तीखी नोकझोंक

दुबई के आईसीसी अकादमी ग्राउंड पर रविवार को खेले गए अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिसने फाइनल के माहौल को और गरमा दिया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

दुबई के आईसीसी अकादमी ग्राउंड पर रविवार को खेले गए अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मैदान पर तनाव भी देखने को मिला. मैच के दौरान भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और एक पाकिस्तानी खिलाड़ी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिसने फाइनल के माहौल को और गरमा दिया.

भारत की शुरुआत बेहद खराब 

भारत को 348 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करना था, लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही. तीसरे ओवर में ही टीम को बड़ा झटका लगा जब कप्तान आयुष म्हात्रे केवल दो रन बनाकर आउट हो गए. पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अली रजा ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद फेंकी, जिस पर म्हात्रे ने ड्राइव लगाने की कोशिश की. हालांकि, गेंद सीधे मिड-ऑफ पर खड़े फरहान यूसुफ के हाथों में चली गई और कैच आसान रहा. इस विकेट के बाद अली रजा ने जोश में जोरदार जश्न मनाया.

आउट होने के बाद जब म्हात्रे पवेलियन की ओर लौट रहे थे, तभी एक पाकिस्तानी खिलाड़ी ने उन पर टिप्पणी की. यह सुनकर भारतीय कप्तान रुक गए और पलटकर जवाब दिया. दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ पल के लिए तीखी बहस हुई, जिसे बाद में अंपायर और अन्य खिलाड़ियों ने शांत कराया. इसके बाद म्हात्रे को मैदान से बाहर ले जाया गया.

अली रजा ने वैभव सूर्यवंशी को पवेलियन भेजा

इस घटना के बाद भारतीय टीम का दबाव और बढ़ गया. अली रजा ने वैभव सूर्यवंशी को भी पवेलियन भेज दिया, जिससे भारत की स्थिति कमजोर हो गई. इसके बाद मोहम्मद सैयाम और अब्दुल सुभान ने लगातार ओवरों में एक-एक विकेट लेकर भारत को शुरुआती झटकों से उबरने का मौका नहीं दिया. सात ओवर के भीतर ही भारत ने 59 रन पर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए और टीम मुश्किल हालात में फंस गई.

इससे पहले पाकिस्तान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया. सलामी बल्लेबाज समीर मिन्हास ने फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का अपना दूसरा शतक जड़ा. उन्होंने 113 गेंदों में 172 रनों की विस्फोटक पारी खेली और अपनी टीम को 50 ओवर में 8 विकेट पर 347 रनों तक पहुंचाया. यह पारी खास इसलिए भी रही क्योंकि ग्रुप स्टेज में इसी मैदान पर पाकिस्तान को भारत से 90 रनों से हार का सामना करना पड़ा था.

भारतीय अंडर-19 टीम का एशिया कप में शानदार रिकॉर्ड 

भारतीय अंडर-19 टीम का एशिया कप में रिकॉर्ड शानदार रहा है. टूर्नामेंट की शुरुआत से अब तक भारत आठ बार यह खिताब जीत चुका है. वर्ष 2012 में मलेशिया में खेले गए टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान संयुक्त विजेता रहे थे, जब फाइनल मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था. वही एकमात्र अवसर था जब पाकिस्तान ने इस ट्रॉफी पर कब्जा किया था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag