IND-A W vs AUS-A W: एलिसा का धमाकेदार शतक, भारत को किया परास्त

ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीम ने इंडिया-ए को एकतरफा अंदाज़ में नौ विकेट से मात दी. रविवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रन बना पाई. बाद में ऑस्ट्रेलिया-ए ने सिर्फ 27.5 ओवरों में स्कोर हासिल कर लिया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

Australia-A Beat India-A: ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीम ने कप्तान एलिसा हिली की धमाकेदार नाबाद शतकीय पारी की बदौलत इंडिया-ए को एकतरफा अंदाज़ में नौ विकेट से मात दी. रविवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रन ही बना सकी, जिसे ऑस्ट्रेलिया-ए ने सिर्फ 27.5 ओवरों में हासिल कर लिया.

एलिसा हिली की शानदार पारी 

मैच की स्टार रहीं एलिसा हिली ने सिर्फ 85 गेंदों में 137 रन बनाए, जिसमें 23 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उन्होंने एक छोर से पूरी पारी को संभाले रखा और विरोधी गेंदबाज़ों को कोई मौका नहीं दिया. उनके साथ रेचल ट्रेनामान 21 रन बनाकर नाबाद रहीं. रेचल ने 21 गेंदों में दो चौकों की मदद से अपनी पारी पूरी की.

ऑस्ट्रेलिया-ए की शुरुआत अच्छी

ऑस्ट्रेलिया-ए की शुरुआत अच्छी रही. हिली ने ताहलिया विल्सन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी की. ताहलिया ने 51 गेंदों पर 59 रन बनाए, जिसमें आठ चौके शामिल थे. भारत को पहली सफलता राधा यादव ने दिलाई, लेकिन इसके बाद कोई और विकेट गिरने में नाकाम रही और मैच हाथ से फिसल गया.

शेफाली ने बनाए 52 रन

इससे पहले, इंडिया-ए की शुरुआत भी खराब नहीं रही थी. शेफाली वर्मा और नंदिनी कश्यप ने पहले विकेट के लिए 86 रनों की अहम साझेदारी की. शेफाली ने 59 गेंदों में सात चौकों की मदद से 52 रन बनाए. लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय पारी बिखरने लगी. कश्यप भी जल्द ही 28 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं.

यास्तिका ने 42 रनों की पारी खेली  

मिडिल ऑर्डर में यास्तिका भाटिया ने थोड़ी उम्मीद जगाई. उन्होंने 54 गेंदों पर पांच चौकों के साथ 42 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन वह भी अर्धशतक तक नहीं पहुंच सकीं. भारत की बाकी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों के सामने संघर्ष करती दिखीं और टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी.

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों ही पक्षों में भारत पर पूरी तरह हावी रही और उन्होंने मुकाबले को बेहद आसानी से अपने नाम किया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो